पुरुषोत्तम वर्मा
नई दिल्ली। गिरफ्तार आतंकी पूरे देश को दहलाने की साजिश रच रहे थे। शुरूआती जांच में ये बात सामने आ रही है कि आतंकियों के कई मोड्यूल अभी देश में हैं। देश में 15 से 20 आतंकी और हो सकते हैं। प्रयागराज से गिरफ्तार आतंकी जीशान व विस्फोटक दिल्ली लाए जा रहे हैं। इतनी मात्रा में विस्फोटक मिलने से सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े हो गए हैं।
दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने दावा किया है कि आतंकियों से बरामद आरडीएक्स व हथगोले पाकिस्तान से आए हैं। अभी विस्फोटक व हथियार एकत्रित किए जा रहे थे। पाकिस्तान से अभी और विस्फोटक व हथियार आने थे। विस्फोटक व हथियारों को लाने-जे जाने का काम चल रहा था। जहां बम धमाके करने थे उन जगहों की रेकी हो रही थी।
स्पेशल सेल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने दावा किया है कि ये आतंकियों का एक मोड्यूल का पर्दाफाश हुआ है। देश में अभी 15 से 20 आतंकी और हो सकते हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि और आतंकियों को पकड़ने के लिए पूरे देश में दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार आतंकियों ने शुरुआती पूछताछ में खुलासा किया है कि उनको देश में दिल्ली समेत कई मेट्रो शहरों में सीरियल बम धमाके करने थे। ओसामा व जीशान बम बनाने की तैयारी कर रहे थे। इन्होंने दो आईईडी बना ली थीं।
पूछताछ में ये बात भी सामने आई कि आतंकियों को राजनेताओं समेत कई धार्मिक नेताओं की टारगेट किलिंग करनी थी। ये भी बात भी सामने आ रही है कि दिल्ली के बाद अयोध्या समेत यूपी इनके आतंकियों के निशाने पर थी।
हर आतंकी को अलग-अलग काम सौंपा गया था
गिरफ्तार आरोपियों को आतंकी योजना के विभिन्न पहलुओं को अंजाम देने के लिए अलग काम सौंपा गया था। अंडरवर्ल्ड डॉन अनीस इब्राहिम के करीबी समीर को पाकिस्तान में छिपे गुर्गों से जुड़े एक पाक स्थित व्यक्ति द्वारा भारत में विभिन्न संस्थाओं को आईईडी, हथियारों और हथगोले की पहुंचाने का काम सौंपा गया था।
पाक-आईएसआई के निर्देशों पर काम कर रहे ओसामा और जीशान को आईईडी लगाने के लिए दिल्ली और यूपी में विभिन्न उपयुक्त स्थानों की टोह (रेकी) लेने का काम सौंपा गया था।