दिल्ली में स्वाइन फ्लू के चलते एक मरीज की मौत हो चुकी है। जबकि विभिन्न अस्पतालों में 18 मरीजों का उपचार चल रहा है। यह खुलासा केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की सोमवार शाम आई एक रिपोर्ट में हुआ है। हालांकि रिपोर्ट में मरने वाले मरीज की पहचान और अस्पताल का जिक्र नहीं किया गया है।
बताया जा रहा है कि पिछले सप्ताह ही दिल्ली सरकार के एक अस्पताल में मरीज की मौत हुई है। वहीं, एम्स और सफदरजंग अस्पताल में भी स्वाइन फ्लू ग्रस्त मरीजों का उपचार होने की जानकारी मिली है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार, 11 फरवरी तक दिल्ली में स्वाइन फ्लू के 19 मरीज सामने आ चुके हैं, जबकि एक की मौत भी हो चुकी है। पिछले वर्ष की बात करें तो साल 2017 में दिल्ली में स्वाइन फ्लू के 2835 मरीज सामने आए थे, इनमें से 12 की मौत हुई थी।
रिपोर्ट में बताया गया है कि इस साल देशभर में स्वाइन फ्लू से 103 मरीजों की मौत हो चुकी है। सबसे ज्यादा राजस्थान में 75 मरीजों की मौत हुई हैं। बहरहाल, दिल्ली में बढ़ रहे स्वाइन फ्लू पर स्वास्थ्य विभाग ने भी चुप्पी साध ली है। मरीज की मौत को लेकर जब दिल्ली के नोडल अधिकारी डॉ. एसएन रहेजा से संपर्क किया तो जवाब नहीं मिला।