नई दिल्ली। सुल्तानपुरी इलाके में बुधवार दोपहर केमिकल की चपेट में आकर एक परिवार के चार लोग बुरी तरह झुलस गए। गंभीर हालत में सभी को संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां से सभी को सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। महिला किसी केमिकल को बाल्टी में डालकर अपनी साड़ी धो रही थी। अचानक बाल्टी में आग लग गई और तेज धमाका हो गया। इससे वहां खेल रहा उसका छह साल का बेटा और दो साल की बेटी के अलावा महिला व उसका पति भी झुलस गया। सुल्तानपुरी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बाल्टी और कमरे से कुछ केमिकल कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, संजीव (35) परिवार के साथ पी-2/223, सुल्तानपुरी में किराए के मकान में रहता है। परिवार में पत्नी रानो (32), बेटा प्रिंस और बेटी विशाखा है। बुधवार दोपहर 12.45 बजे संजीव घर के बाहर खड़ा था। अचानक उसने घर में तेज धमाके की आवाज सुनी। वह अंदर भागा तो कमरे में आग लगी थी। उसकी पत्नी व बच्चे झुलसी हुई हालत में चिल्ला रहे थे। पत्नी व बच्चों को बचाने के लिए संजीव कमरे में घुस गया और वह भी आग की चपेट में आ गया। पड़ोसियों की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया गया। मामले की सूचना पुलिस व दमकल विभाग को दी गई। शुरुआत में सभी को लगा कि कमरे में गैस सिलिंडर फटने से आग लगी है, लेकिन पुलिस को घर में रखा सिलिंडर सुरक्षित मिला।
पुलिस ने 51 फीसदी झुलसी हुई हालत में संजीव, 50 फीसदी रानो, 30 फीसदी प्रिंस और 90 फीसदी झुलसी विशाखा को अस्पताल में पहुंचाया, जहां सभी की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस को कमरे से कुछ तरल केमिकल मिला है। रानो ने भी केमिकल से साड़ी धोने की बात की है। अब पुलिस इस बात का पता लगाने का प्रयास कर रही है कि रानो केमिकल कहां से लाई और उसमें आग कैसे लगी?