नई दिल्ली। सोनिया विहार दूसरे पुश्ते पर विसर्जन के दौरान यमुना में डूबे तीनों किशोरों का रविवार देर शाम तक पता नहीं चल पाया। शाम को अंधेरा होने के कारण बचाव कार्य रोक दिया गया। पुलिस, दमकल विभाग और गोताखोरों की टीम मौके पर मौजूद रहे। इस दौरान तीनों किशोरों के परिजन अपने बच्चों की आस में दिनभर नदी किनारे मौजूद रहे। तीनों किशोरों के परिजनों का रोते-रोते बुरा हाल था। प्रशासन का कहना है कि सोमवार को दोबारा बचाव कार्य चलाया जाएगा। उत्तरी जिला पुलिस मामले की जांच कर रही है। माना जा रहा है कि तीनों किशोर पानी के बहाव में आगे चले गए हैं।
जानकारी के अनुसार हादसे का शिकार हुए तीनों किशोर करावल नगर के अंकुर विहार में रहते हैं। विवेक (15) के परिवार में पिता नरेंद्र, मां तीना, एक भाई अभिषेक बहन अंजलि के अलावा हैं। विवेक 11वीं कक्षा का छात्र है। वहीं आर्यन उर्फ शिवम (12) के परिवार में पिता आमोद कुमार, मां सोनी, दो बहन खुशी और मुस्कान हैं। आर्यन सातवीं कक्षा का छात्र है। इसके पिता का कढ़ाई का काम है। विजय (16) के परिवार में पिता मनोज, मां नीरज के अलावा भाई विवेक और बहन निशा है। विजय इलाके में दूध का काम करता था।
एक परिजन ने बताया कि शनिवार शाम को लड़के अपने मोहल्ले वालों के साथ मूर्ति विसर्जन में आए थे। किनारे पर अचानक तीनों किशोर व विजय राठौर नामक लड़का गहरे पानी में चले गए। शोरशराबा हुआ तो लोगों ने उनको बचाने के प्रयास किए। चारों को डूबता देखकर एक युवक फौरन पानी में कूदा। वह विजय राठौर को तो पानी से निकाल लाया, लेकिन बाकी तीनों किशोर गहरे पानी में बहकर डूब गए।
----
बचाव टीम दिनभर करती रही तलाश
किशोर के डूबने की सूचना मिलने के बाद शनिवार को बोट क्लब इंचार्ज हरीश कुमार मौके पर पहुंचे थे। रविवार सुबह होते ही दोबारा बचाव कार्य शुरू किया गया। दो मोटर बोट पर सात गोताखोर लगातार किशोरों की तलाश में यमुना में गश्त करने के अलावा गोता लगाते रहे। बचाव दल का कहना है कि सोमवार को शायद इन किशोरों का सुराग लगे।
डूबने का वीडियो आया सामने...
छानबीन के दौरान रविवार को एक वीडियो सामने आया है। उसमें किशोर कैसे किनारे से गहरे पानी की ओर बढ़ गए और डूबने लगे। कुछ लोग वीडियो बनाते रहे तो कुछ चिल्लाकर बचाने के लिए कहते रहे। हालांकि, इसी बीच एक युवक पानी में कूदकर विजय राठौर को पानी से निकाल लाया, लेकिन बाकी तीन किशोर देखते ही देखते पानी में समा गए।