पांचवें दिन स्वामी दयानंद अस्पताल में स्वास्थ्य कर्मचारियों की हड़ताल खत्म हो गई। वेतन नहीं मिलने की वजह से बीते मंगलवार से अस्पताल में डॉक्टर, नर्स और अन्य स्वास्थ्य कर्मचारियों की हड़ताल चल रही थी। इस दौरान मरीजों को इलाज नहीं मिला पा रहा था। पूर्वी दिल्ली नगर निगम के अधीन अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार कर्मचारियों के साथ बैठक में सभी प्रस्ताव पर विचार किया गया है। जल्द ही वेतन दिलाने के साथ साथ अन्य मांगों को लेकर भी आश्वासन मिला है।
वहीं अस्पताल के रेजीडेंट डॉक्टर एसोसिएशन (आरडीए) के अध्यक्ष डॉ. अतुल जैन ने बताया कि निगम अधिकारियों के साथ बैठक में मांग पूरी होने को लेकर आश्वासन मिला है। इसलिए फिलहाल अस्पताल की सभी सेवाओं को फिर से शुरू कर दिया गया है। हालांकि उन्होंने यह भी बताया कि वेतन मिलना प्रत्येक कर्मचारी का अधिकार है। यह उनकी मांग नहीं बल्कि अधिकार था जिसे निगम नहीं दे रहा था।