नई दिल्ली। मध्य दिल्ली के पटेल नगर इलाके में रविवार देर रात एक निजी कंपनी के मैनेजर की घर में घुसकर गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतक की शिनाख्त शिव कुमार (50) के रूप में हुई है। उसकी पत्नी ने चोरों पर वारदात का आरोप लगाया है। हालांकि शुरुआती जांच के बाद पुलिस मृतक की पत्नी पर ही शक जता रही है। क्राइम टीम के अलावा एफएसएल ने घटना स्थल से सक्ष्य जुटाए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से भी पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
मध्य जिला पुलिस उपायुक्त जसमीत सिंह ने बताया कि रविवार रात करीब 2.30 बजे सूचना मिली कि एक शख्स की घर में घुसकर चोरों ने गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो बेड पर शिव कुमार का शव बरामद हुआ। कमरे में सामान फैला हुआ था। जांच के दौरान पता चला कि शिव कुमार अपने रिश्तेदार की निजी कंपनी में मैनेजर की नौकरी करता था। रिश्तेदार ने ही उसे बिल्डिंग का केयर टेकर बनाकर रहने के लिए घर दिया हुआ था, जहां सुरक्षा गार्ड भी परिवार के साथ रहता था।
शिवकुमार की पत्नी ने बताया कि हत्या के समय वह पति के पास ही सो रही थी। इसके अलावा बिल्डिंग का गार्ड भी अपने परिवार के साथ पास के कमरे में मौजूद था, लेकिन किसी ने चोरों के आने और शिवकुमार के चिल्लाने की आवाज नहीं सुनी। पुलिस को उसकी कहानी पर विश्वास नहीं हो रहा है। अनुमान है कि वारदात में शिवकुमार के ही किसी करीबी का हाथ है। पुलिस ने शिवकुमार और उसकी पत्नी के सीडीआर भी निकलवाए हैं।