नई दिल्ली। दक्षिण जिले की साइबर सेल और कोटला मुबारकपुर थाना पुलिस ने इंस्टाग्राम पर लड़कियों की फर्जी प्रोफाइल बनाकर उन पर अश्लील फोटो डालने वाले भारत खट्टर (25) को उसके फरीदाबाद में एनआईटी कॉलोनी स्थित घर से गिरफ्तार किया है। वह लड़की बनकर लड़कियों से बात करता था और उनके फोटो आदि ले लेता था। आगे दोस्ती नहीं करने पर वह इंस्टाग्राम पर उनके असली फोटो लगाकर फर्जी प्रोफाइल बना देता था। वह अब तक 8 लड़कियों को निशाना बना चुका है। उसकी हरकतों की वजह से 8वीं कक्षा की एक छात्रा दो बार खुदकुशी की कोशिश कर चुकी है।
दक्षिण जिला डीसीपी अतुल कुमार ठाकुर ने बताया कि कोटला मुबारकपुर में रहने वाली एक महिला ने शिकायत दी थी कि एक युवक उसकी 8वीं कक्षा में पढ़ने वाली बेटी की इंस्टग्राम पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर उस पर अश्लील फोटो व चैट भेज रहा है। फर्जी प्रोफाइल पर अपने अश्लील फोटो देखकर छात्रा इस कदर डिप्रेशन में चली गई कि उसने दो बार खुदकुशी की कोशिश की। जिले की साइबर सेल के प्रभारी अजीत कुमार की देखरेख में एएसआई सुरेंद्र, महिला एसआई स्नेहलता, हवलदार ललित की टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने फेसबुक से इंस्टाग्राम के इस फर्जी प्रोफाइल का एड्रेस मांगा। जांच में आरोपी का असली आईडी एड्रेस मिल गया।
भारत खट्टर ने बताया कि 8वीं कक्षा की छात्रा की सहेली से उसकी व्हाट्स एप पर चैट होती थी। सहेली ने आगे दोस्ती करने से मना कर दिया तो उसने सहेली को उल्टी-सीधी बातें कहीं। सहेली से झगड़ा होने पर छात्रा ने उससे बात की तो पता लगा कि आरोपी लड़की नहीं, लड़का है। छात्रा के कुछ कहने पर आरोपी नाराज हो गया। उसने बदला लेने के लिए छात्रा की असली फोटो सहेली के इंस्टाग्राम से उठाकर उसकी तीन-चार फर्जी प्रोफाइल बना दीं। इसके बाद उन पर अश्लील फोटो व चैट डाल दी थी।
भारत खट्टर ने एक पब्लिक स्कूल से पढ़ाई की है। उसने दिल्ली विश्वविद्यालय से बीकॉम ऑनर्स किया था। फिलहाल वह दो वर्ष से इवेंट मैनेजमेंट की नौकरी कर रहा है। आरोपी व्हाटस एप, फेसबुक व इंस्टाग्राम पर सक्रिय है। आरोपी के दोनों मोबाइल फोन बरामद कर लिए गए हैं।