नई दिल्ली। नंद नगरी इलाके में सोमवार शाम रंजिश में पड़ोसी युवक व उसकी पत्नी ने कार सवार एक युवती व उसके दो रिश्तेदारों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। आरोपियों ने आठ से दस गोलियां चलाईं। हमले में कोई हताहत नहीं हुआ। वारदात के बाद दंपती मौके से फरार हो गए।
मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़िता लक्ष्मी (32) की शिकायत पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैैमरों से मामले की पड़ताल कर रही है। लक्ष्मी ने पड़ोसी युवक जितेश उर्फ जीतू व उसकी पत्नी पर हमला करने का आरोप लगाया है।
पुलिस के मुताबिक पीड़िता लक्ष्मी अपने परिवार के साथ बी-ब्लॉक, नंद नगरी में रहती है। वह बागपत के एक कॉलेज से एलएलबी कर रही है। पड़ोस में आरोपी जितेंद्र उर्फ जीतू और उसका परिवार रहता है। दोनों परिवारों में पुरानी रंजिश है। 29 अक्तूबर, 2018 को जितेंद्र के पिता रामचंद्र की हत्या कर दी गई थी। आरोप लक्ष्मी और उसके परिवार पर लगा था। लक्ष्मी के पिता प्रेमराज जेल भी चले गए थे। लेकिन बाद में उनको जमानत मिल गई थी।
पूरे केस की देखरेख लक्ष्मी ही करती है। यह बात जितेेश को खटकती है। आरोप है कि सोमवार शाम को लक्ष्मी अपने रिश्ते के दो भाई योगेश और सोलेंद्र के साथ कुछ सामान खरीदने के लिए रामनगर शाहदरा गई थी। कार योगेश की थी और वह खुद ही चला रहा था। चालक के बराबर वाली सीट पर सोलेंद्र बैठा था जबकि पिछली सीट पर लक्ष्मी बैठी हुई थी।