नई दिल्ली। वसंत विहार में पूर्व केंद्रीय मंत्री पी रंगराजन कुमार मंगलम की पत्नी किट्टी कुमार मंगलम (70) की हत्या का तीसरा आरोपी सूरज वारदात के तीसरे दिन भी पुलिस की गिरफ्त से दूर है। सूरज करीब तीन किलो सोना लेकर फरार है। आरोपियों ने कर्जा उतारने के लिए वारदात को अंजाम दिया था। जिले की कई टीमें आरोपी को पकड़ने के लिए दिल्ली-एनसीआर और राजस्थान में दबिश दे रही हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी अपने ठिकाने बार-बार बदल रहा है।
दक्षिण-पश्चिमी जिला पुलिस के अनुसार, आरोपी सूरज करीब तीन किलो सोना लेकर फरार है। गिरफ्तार राजू के पास से कपड़ों के बैग व कागजात और राकेश राज के पास से किट्टी मंगलम के घर से लूटे गए 60 हजार रुपये बरामद हुए हैं। फरार आरोपी सूरज लूटी गई पूरी जूलरी लेकर फरार है। आरोपी राकेश राज और राजू ने पूछताछ में बताया कि तीनों आरोपी कर्ज में डूबे हुए थे। कर्ज को उतारने के लिए वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी राजू किट्टी मंगलम के घर वारदात के दो दिन पहले प्रेस के लिए कपड़े लेने गया था। इसी दौरान उसे सबसे सॉफ्ट टारगेट किट्टी मंगलम लगी थी। आरोपी राजू, राकेश राज और सूरज ने लूटपाट करने के लिए किट्टी मंगलम की मंगलवार रात को ताकिए से मुंह दबाकर हत्या कर दी थी। घरेलू सहायिका के हाथ-पैर बांध दिए थे और लूटपाट कर फरार हो गए थे।