अलीपुर इलाके की घटना, यात्रियों को प्राथमिक इलाज के बाद अस्पताल से मिली छुट्टी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। समालखा में आयोजित निरंकारी सत्संग में शामिल होने जा रहे यात्रियों को ले जा रही बस डिवाइडर से टकराकर अलीपुर इलाके में पलट गई। हादसे में कई यात्रियों को मामूली चोटें आईं। पुलिस सभी को पास के अस्पताल में लेकर गई, जहां प्राथमिक इलाज के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई।
बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि यात्रियों ने कोई भी शिकायत करने से इन्कार कर दिया। अलीपुर थाना पुलिस बस को जब्त कर मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि अलीपुर थाना पुलिस को करनाल रोड पर यात्रियों से भरी बस के पलटने की जानकारी मिली थी। जांच में पता चला कि दिल्ली के रहने वाले सभी यात्री समालखा में आयोजित निरंकारी सत्संग में शामिल होने के लिए जा रहे थे। यात्री दूसरी बस में सवार होकर वहां से चले गए। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। किसी भी यात्री ने कोई लिखित बयान पुलिस को नहीं दिया है।