नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिमी जिला पुलिस ने महिला को ऋण घोटाले में 11.95 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में पांच लोगों हिमांशु कुमार गौतम, सचिन, आसिफ अली, राज स्वामी और हेमराज गुर्जर को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने बैंक अधिकारियों के रूप में खुद को पेश करते हुए महिला के खाते से यह रकम ठगी थी।
दक्षिण-पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने बताया कि आरोपी खुद को बैंक प्रतिनिधि बताकर ग्राहकों से वन-टाइम पासवर्ड (ओटीपी) लेते थे। इसके बाद ठगी की रकम अन्य खातों में स्थानांतरित कर निकाल लेते थे। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि पालम निवासी महिला ने शिकायत दी कि उसे एक व्यक्ति का फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को नामी वित्तीय संस्था का प्रतिनिधि बताया। महिला को उसके क्रेडिट कार्ड रिवार्ड पॉइंट्स रिडीम करने का झांसा देकर उसने ओटीपी ले लिया। इसके बाद उसके खाते में पूर्व-स्वीकृत ऋण के रूप में 11.95 लाख रुपये जमा कराए गए। कुछ ही मिनटों में यह रकम कई अन्य खातों में भेज दी गई। पुलिस उपायुक्त गोयल ने बताया, जांच के दौरान पता चला कि ठगी की रकम हेमराज गुर्जर के खाते में स्थानांतरित की गई थी और उसे दिल्ली के विशाल एन्क्लेव स्थित एटीएम से अलग-अलग हिस्सों में निकाला गया। ब्यूरो