पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, चाकू बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। बुध विहार में पैसों के विवाद में टैंपो चालक ने मालिक की चाकू गोदकर हत्या कर दी। मृतक की शिनाख्त रिठाला की पाल कॉलोनी निवासी (45) जितेंद्र यादव के रूप में हुई। पुलिस ने छानबीन करते हुए फरार आरोपी शक्ति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है।
रोहिणी जिला पुलिस उपायुक्त राजीव रंजन ने बताया कि 2 अक्तूबर को बुध विहार थाने को अंबेडकर अस्पताल से एक व्यक्ति को चाकू मारे जाने के बाद भर्ती किए जाने की जानकारी मिली। घायल की पहचान रिठाला निवासी जितेंद्र यादव के रूप में हुई। वह बयान देने की स्थिति में नहीं था। पुलिस वहां से घटनास्थल बजाज सर्विस सेंटर के पास पहुंची, वहां पीड़ित का 14 साल का बेटा मिला, जो चश्मदीद था। बेटे ने पुलिस को बताया कि दोपहर को उनके टैंपो का ड्राइवर रिठाला निवासी शक्ति उसके पिता से बार-बार पैसे मांग रहा था। कहासुनी के दौरान शक्ति ने अचानक उसके पिता पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने बेटे के बयान पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। इसी बीच 8 अक्तूबर को जितेंद्र यादव ने दम तोड़ दिया। इस पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया।
थाना प्रभारी करुणा सागर के नेतृत्व में पुलिस ने तकनीकी जांच कर आरोपी शक्ति को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह जितेंद्र के टैंपो का चालक था। उसका काम के भुगतान को लेकर विवाद था। जितेंद्र भुगतान पूरा नहीं कर रहा था इसलिए उसने सबक सिखाने के लिए हमला किया। जांच में पता चला कि शक्ति पर पहले से लूट और डकैती के दो मामले दर्ज हैं।