-मान सरोवर पार्क इलाकेे की घटना, गोली मारने वाला सीआईएसएफ का हवलदार
-आरोपी दूल्हे का फूफेरा भाई, पुलिस ने इटावा से किया गिरफ्तार, पिस्टल बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मानसरोवर पार्क इलाके में शनिवार रात घुड़चढ़ी के दौरान सीआईएसएफ के हवलदार ने 14 साल के किशोर के सिर में गोली मार दी। किशोर की पहचान साहिल के रूप में हुई है। घटना के दौरान किशोर नोट लूट रहा था। इस दौरान गुस्से में आकर हवलदार ने पहले किशोर की पिटाई की और फिर गोली मारकर वहां से भाग गया। किशोर को पास के अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी हवलदार उत्तर प्रदेश के इटावा स्थित भरताना गांव में उसके घर से रविवार सुबह गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पहचान दूल्हे के फूफेरे भाई मदन गोपाल तिवारी के रूप में हुई है।
शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त प्रशांत गौतम ने बताया, शनिवार रात मानसरोवर पार्क थाना पुलिस को डीडीए मार्केट के पास स्थित कम्युनिटी सेंटर के पास एक किशोर को गोली मारे जाने की जानकारी मिली। मानसरोवर पार्क थाना ने हत्या, आर्म्स एक्ट समेत कई धाराओं में मामला दर्ज कर लिया।
पूछताछ में पता चला कि साहिल अपने परिवार के साथ नत्थू कालोनी की झुग्गियों में रहता था। परिवार में माता-पिता व दो भाई हैं। पिता सिराजुद्दीन पेशे से मजदूर हैं। सिराजुद्दीन ने बताया कि उनका बेटा पढ़ाई नहीं करता था। वह शनिवार रात को अपने छोटे भाई व दोस्तों के साथ मानसरोवर पार्क गया था। साहिल का छोटा भाई भागता हुआ घर पहुंचा और वारदात की सूचना अपने परिजनों को दी थी।
पुलिस की एक टीम तुरंत उत्तर प्रदेश के इटावा स्थित भरताना गांव में दबिश दी। पुलिस ने आरोपी को उसके घर से रविवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। जांच में पता चला कि मदन गोपाल तिवारी सीआईएसएफ में हवलदार के पद पर कार्यरत है और उसकी तैनाती कानपुर में है। शादी समारोह में वह छुट्टी लेकर दिल्ली आया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल पिस्टल बरामद कर ली है।