अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिवाली के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर ज्वेलरी की दुकान से गहने चोरी करने वाली महिला को पुलिस ने इटावा, उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। कानपुर, यूपी निवासी पूनम यादव दिल्ली-एनसीआर में चोरी के कई मामलों में शामिल पाई गई है।
पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त अभिषेक धानिया ने बताया कि 19 अक्तूबर को लक्ष्मी नगर थाना पुलिस को लक्ष्मी नगर स्थित एक ज्वेलरी की दुकान से गहने चोरी होने की शिकायत मिली। शिकायतकर्ता ने बताया कि दिवाली पर लक्ष्मी नगर बाजार में भीड़ थी। जिसका फायदा उठाकर तीन महिलाओं ने विजय चौक स्थित दुकान में घुसकर 5.4 ग्राम वजन की सोने की अंगूठी चुरा ली और फिर भाग गई। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई और फुटेज जल्द ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस ने गैंग को पकड़ने के लिए दो टीमें गठित कीं। पुलिस को मुखबिरों से सूचना मिली कि गैंग की महिलाएं कानपुर, यूपी की रहने वाली हैं। तकनीकी जांच के जरिए पुलिस ने 28 अक्तूबर को सूचना पर यूपी के इटावा में छापा मारकर पूनम यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि पहले भी चांदनी चौक और गुरुग्राम में इसी तरह की चोरियां की हैं। पुलिस ने आरोपी महिला को तीन दिन की रिमांड पर लिया है। आरोपी ने बताया कि आजीविका चलाने और आसानी से पैसा कमाने के इरादे से चोरी करती थी। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि आरोपी के अभी तक दिल्ली-एनसीआर में छह मामलों में शामिल होने की पुष्टि हुई है।