संसद भवन से कुछ दूरी पर स्थित एटीएम बूथ में घुसे हुए दो युवकों के पास से 21 लाख रुपये मिले हैं। केरल के रहने दोनों युवकों से मिली रकम को शुरुआती जांच में हवाला की होने का अंदेशा व्यक्त किया जा रहा है। इनमें एक युवक दुबई का व्हाट्सएप मोबाइल नंबर चला रहा था।
इनके पास कई बैंक खाते मिले हैं। आरोपियों ने पुलिस के आते ही अपने मोबाइल फोनों से व्हाट्सएप चैट डिलीट कर दी थी। नई दिल्ली जिले की संसद मार्ग थाना पुलिस ने दोनों के मोबाइल को जब्त कर लिया है। साथ ही आयकर विभाग को सूचना दे दी है।
देश का खुफिया विभाग, सीबीआई, स्पेशल सेल व स्थानीय संसद मार्ग थान पुलिस युवकों से संयुक्त रूप से पूछताछ कर रही हैं। सवाल ये खड़ा होता है कि दुबई का नंबर चला रहे ये युवक अति सुरक्षित इलाके नई दिल्ली में क्या कर रहे थे। नई दिल्ली जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि युवकों की पहचान केरल निवासी मोहम्मद ओवैस पुत्र मो. सलीम और मो. जुनेश पुत्र सलीम के रूप में हुई है।
ये संसद मार्ग पर स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक के एटीएम बूथ में सोमवार रात को काफी देर से घुसे हुए थे। इससे बाहर खड़े लोगों को परेशानी हो रही थी। उन्होंने सुरक्षा गार्ड को जानकारी दी। सुरक्षा गार्ड ने पुलिस को बुला कर उन्हें उनके हवाले कर दिया। मो.ओवैस के पास से 14 लाख और मो. जुनेश के पास से छह लाख रुपये बरामद हुए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इनके पास से कई बैंक खाते मिले हैं। ये इन बैंक खातों में रकम डाल रहे थे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सबसे बड़ा सवाल ये है कि आरोपी दुबई का नंबर क्यों इस्तेमाल कर रहे थे। युवकों का कहना है कि उन्हें सिर्फ मलयालम भाषा आती है। ऐसे में पुलिस ने रात भर मलयालम भाषा का ट्रांसलेटर ढूंढा। इसके बाद पुलिस को युवकों की बात समझ में आई।
भाजयुमो नेता को बेची थी कार
आरोपियों का कहना है कि हाल ही में इन्होंने भाजपा युवा मोर्चा के एक नेता को 19 लाख रुपये में कार बेची थी। ये कार इन्होंने पुणे से नवंबर में खरीदी थी। भाजपा नेता का कहना है कि उसने इनको कुछ वर्ष पहले कार दी थी उसके बदले युवकों ने उसे कार दी है। कार बेचने का बयान भी संदेह के घेरे में है। भाजपा नेता को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि दोनों आरोपी युवक पूछताछ में भाषा नहीं आने की बात कहकर पूछताछ में सहयोग नहीं कर रहे है।