-मौसम विभाग के अनुसार, साल 2011 में 15.6 न्यूनतम पारा दर्ज किया गया था
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी ने राजधानी में ठंडक बढ़ा दी है। ऐसे में रविवार का दिन बीते 11 साल से और मौजूदा सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। मौसम विभाग के अनुसार, साल 2011 में 15.6 न्यूनतम पारा दर्ज किया गया था। ऐसे में सुबह से ही मौसम में ठंडक बनी हुई थी। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, वैसे-वैसे दिन में सूरज की गर्मी का हल्का अहसास हुआ, लेकिन लोगों को दिन में भी ठंड महसूस हो रही थी। यह पहली बार है कि दिन के समय भी दिल्लीवासियों को सिहरन महसूस हुई। इसी बीच अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1 डिग्री कम रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो मौसम के औसत से 4.5 डिग्री अधिक है। दिल्ली में अधिकतम आर्द्रता 95 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 35 प्रतिशत रही।
रविवार को लोधी रोड सबसे ठंडा इलाका रहा। यहां न्यूनतम पारा 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा, आया नगर में 10.1, पालम में 10.2 और रिज में न्यूनतम पारा 9.7 दर्ज किया गया। आईएमडी का अनुमान है कि सोमवार सुबह धुंध व कोहरे के साथ आसमान साफ रहेगा। ऐसे में सुबह के समय अधिकांश स्थानों पर हल्का कोहरा और कुछ स्थानों पर मध्यम कोहरा रहेगा। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 25 और 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। दिल्ली में 18 से 22 नवंबर तक मौसम सामान्य बना रहेगा, लेकिन सुबह के समय हल्का और कुछ स्थानों पर मध्यम कोहरा छा सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, 18 नवंबर को आसमान साफ रहेगा, जबकि अगले दो दिनों यानी 18 और 19 नवंबर को आंशिक बादल दिखाई देंगे। 20 और 22 नवंबर को फिर से साफ मौसम रहेगा, लेकिन कोहरे का असर जारी रहेगा। इस दौरान तापमान लगभग 23 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। हल्की हवा चलेगी, जिसकी गति 0 से 5 किमी प्रति घंटा तक रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों को सुबह के समय खासतौर पर सावधानी बरतने की सलाह दी है, क्योंकि कोहरे की वजह से दृश्यता प्रभावित हो सकती है।