अप्रैल में गर्मी हर दिन रिकॉर्ड बना रही है। मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से छह अधिक 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस सीजन का दूसरा सबसे गर्म दिन रहा।
विज्ञापन
इससे पहले 11 अप्रैल को भी तापमान 42.6 डिग्री रहा था। इस तरह से गर्मी ने एक बार फिर से पांच साल का रिकॉर्ड तोड़ा। वर्ष 2017 में 21 अप्रैल को अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री दर्ज किया गया था। मौसम विभाग के 12 केंद्रों में से आठ पर मंगलवार को पारा 43 डिग्री के पार रहा।
स्पोर्ट्स कांप्लेक्स इलाका 45 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि मुंगेशपुर में 44.4 डिग्री रहा। बुधवार रात से 30-40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से धूल भरी हवा चलने और हल्की बारिश की संभावना है। बृहस्पतिवार को भी लगभग ऐसा ही मौसम रहेगा। इससे लू का प्रकोप काफी हद तक कम हो सकता है।
विज्ञापन
शनिवार से एक बार फिर तापमान में बढ़ोतरी होनी शुरू होगी। मंगलवार को दिनभर सूरज के तेवर कड़े रहे। अप्रैल में गर्मी का ऑल टाइम रिकॉर्ड वर्ष 1941 में 29 अप्रैल का है, जब अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। अब पश्चिमी विक्षोभ के कारण बुधवार से गर्मी से थोड़ी राहत मिलनी शुरू होगी।