दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश कर तीन अवैध हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी मध्य प्रदेश से अवैध हथियार लाकर दिल्ली-एनसीआर व पंजाब में सप्लाई करते थे। इनके कब्जे से नौ सेमी ऑटोमेटिक पिस्टल व 12 कारतूस बरामद किए गए हैं। आरोपी दो वर्षों से अवैध हथियारों की तस्करी कर रहे हैं और दो वर्षों में 300 से ज्यादा अवैध हथियार सप्लाई कर चुके हैं।
एक आरोपी अभिषेक राय सोशल मीडिया पर टिकटॉक वीडियो बनाता था। स्पेशल सेल डीसीपी (सर्दन रेंज) जसमीत सिंह ने बताया कि फौजी कॉलोनी, शेरपुर गांव लुधियाना निवासी सुभम उर्फ गुड्डू उर्फ राय (21), मिंटो कॉलोनी तिबा रोड लुधियाना पंजाब निवासी विजय भान (20) और गली नंबर-6, गांव दूगरी निर्मल नगर, लुधियाना पंजाब निवासी अभिषेक राय (29) के रूप में हुई। स्पेशल सेल के पास ये जानकारी थी कि पंजाब का सुभम अपने साथियों के साथ अवैध हथियारों की सप्लाई कर रहा है। करीब दो महीने की जांच के बाद इंस्पेक्टर ईश्वर सिंह की 11 मार्च को सूचना मिली थी कि सुभम उर्फ गुड्डू समाचार अपार्टमेंट बस स्टैंड, मयूर विहार-एक विजय भान को अवैध हथियारों की खेप देने आएगा।
एसीपी अत्तर सिंह की देखरेख में इंस्पेक्टर ईश्वर सिंह की टीम ने घेराबंदी की। पुलिस टीम ने यहां घेराबंदी सुभम और उससे अवैध हथियारों की खेप लेने आए विजय भान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों को साकेत कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया। पूछताछ के बाद एक टीम लुधियाना भेजी गई। पुलिस ने लुधियाना से उसके जिम से 13 मार्च को गिरफ्तार कर लिया। इसक पास से एक स्वचालित पिस्टल व दो कारतूस बरामद किए गए।
पूछताछ में शुभम ने बताया कि उसे अभिषेक राय के निर्देश पर खारगोन, मध्यप्रदेश के एक हथियार निर्माता-सह आपूर्तिकर्ता से बरामद पिस्टल और कारतूस की खेप मिली थी। अभिषेक ने बताया कि वह तीन वर्ष से जिम चलाता है। वह टिकटॉक पर अपना वीडियो व पोस्ट तैयार करता है। करीब दो वर्ष पहले वह अवैध हथियार तस्कर से मिला था। इसके बाद वह अवैध हथियारों की सप्लाई करने लगा। अभिषेक ने पंजाब में अवैध हथियारों की तस्करी करना शुरू किया। वह नेट बैंकिंग के जरिए हथियार सप्लायर के बैंग खाते में पैसे भेजता था। हाल ही में अभिषेक ने मध्यप्रदेश के हथियार आपूर्तिकर्ता के बैंक खाते में 30 हजार रुपये ट्रांसफर किए थे। ये पंजाब में गैंगस्टर व बदमाशों को अवैध हथियार सप्लाई करता था।