नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (एसओएल) के चौथे सेमेस्टर व वार्षिक मोड (पूर्व) के एक लाख से अधिक विद्यार्थियों के लिए 10 जुलाई से असाइनमेंट आधारित मूल्यांकन (एबीई) शुरू होने जा रहा है। इस मूल्यांकन के तहत शनिवार से सभी विषयों के प्रश्न पत्र एसओएल की वेबसाइट https://sol.du.ac.in पर उपलब्ध कराए जाएंगे।
कोविड-19 महामारी को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों के लिए ये एक बार का प्रावधान है। यदि गलती से कोई विद्यार्थी गलत उत्तर पुस्तिका की पीडीएफ अपलोड कर देगा, तो वह कारण देकर उसे वापस ले सकता है और 30 मिनट के भीतर सही पीडीएफ फाइल दोबारा अपलोड कर सकेगा।
एसओएल के ओएसडी डॉ. उमाशंकर पांडेय ने बताया कि एक लाख 15 हजार विद्यार्थियों का असाइनमेंट बेस्ड मूल्यांकन (एबीई) होगा। एबीई के लिए सभी विषयों के प्रश्न पत्र शनिवार से एसओएल की वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे। विद्यार्थियों को सलाह दी जाती है कि वह अपने प्रवेश पत्र के अनुसार प्रश्न पत्र डाउनलोड करें। 15 जुलाई से विद्यार्थियों को अपनी उत्तर पुस्तिका को अपलोड करना होगा।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को डेटशीट के अनुसार ही उत्तर पुस्तिका अपलोड करनी होगी। प्रत्येक विषय के असाइनमेंट आधारित मूल्यांकन के लिए विद्यार्थियों को चार में से दो प्रश्नों के उत्तर लिखने हैं। विद्यार्थियों को ए-4 साइज के कागज पर अपने उत्तर लिखने होंगे। पहले पन्ने पर विद्यार्थियों को स्कूल का रोल नंबर, परीक्षा रोल नंबर, पेपर का नाम और कोड लिखना होगा।
उत्तर पूरे हो जाने के बाद विद्यार्थियों को उत्तर पुस्तिकाओं के सभी पन्नों को स्कैन कर पीडीएफ फाइल बनाकर भेजनी होगी। पीडीएफ फाइल एसओएल की वेबसाइट पर उपलब्ध डैशबोर्ड पर लॉग इन करके भेजनी होगा। गलत उत्तर पुस्तिका की पीडीएफ अपलोड होने पर कारण बताकर री-अपलोड बटन पर क्लिक करके उसे वापस लिया जा सकता है। इसके 30 मिनट के भीतर उत्तर पुस्तिका की सही पीडीएफ फाइल को दोबारा अपलोड किया जा सकेगा।