नई दिल्ली। दिल्ली एयरपोर्ट पर तैनात सीआईएसएफ के जवानों ने मिठाई के डिब्बों में विदेशी मुद्रा की तस्करी करने वाली अफगान मूल की दो महिलाओं को पकड़ा है। उनके पास से साढ़े 76 हजार यूएस डॉलर मिले हैं। सीआईएसएफ अधिकारियों ने दोनों महिलाओं को कस्टम विभाग के हवाले कर दिया है।
सीआईएसएफ के प्रवक्ता ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे एयरपोर्ट पहुंची एक महिला के बैग की एक्सरे मशीन पर जांच के दौरान उसमें कुछ संदिग्ध चीज दिखी। तलाशी के दौरान बैग में मिले मिठाई के डिब्बों की जांच की गई, जिसमें से 40 हजार यूएस डॉलर मिले। महिला के पास से एक पाउच भी मिला, जिसमें से 6500 यूएस डॉॅलर मिले। महिला की पहचान महमुदा सिद्दकी के रूप में हुई। वह काबुल जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंची थी।
उसके बाद सीआईएसएफ के जवानों नेे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला, जिसमें एक अन्य महिला को संदिग्ध हालात में घूमते हुए देखा गया, जो बोर्डिंग गेट के पास पहुंच गई थी। वह भी काबुल जाने के लिए दिल्ली एयरपोर्ट पर आई थी। सीआईएसएफ कर्मियों ने उस महिला को हिरासत में लेकर उसके बैग की भी तलाशी ली, जिसमें से 30 हजार यूएस डॉलर मिले। महिला की पहचान अफगान मूल की एस्टौरे क्योमी के रूप में हुई। विदेशी मुद्रा के बाबत दोनों महिलाएं कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर पाईं।