दक्षिणी निगम ने तिहाड़ गांव कम्यूनिटी हॉल में शनिवार को जीरो वेस्ट विवाह समारोह का आयोजन किया। समारोह में सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल बिल्कुल नहीं हुआ और स्वच्छता का पूरा ध्यान दिया गया।
पश्चिमी जोन के अहमद परिवार ने पूरी तरह पर्यावरण अनुकूल तरीके से विवाह समारोह आयोजित कराने के लिए दक्षिणी निगम के साथ सहमति व्यक्त की थी। उनकी सहमति के बाद दक्षिणी निगम ने यह सुनिश्चित किया कि कार्यक्रम स्थल पर वेस्ट का इस्तेमाल न हो।
समारोह के प्रवेश द्वार पर स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 और आजादी का अमृत महोत्सव के साथ 'यह विवाह पूर्णत: जीरो वेस्ट है' प्रदर्शित करते हुए कागज के दो स्टैंड स्थापित किए गए थे। स्वागत क्षेत्र, भोजन क्षेत्र और हॉल के अंदर स्वच्छता का संदेश प्रदर्शित किया गया था।
आयोजन स्थल पर कोई प्लास्टिक सजावट सामग्री का प्रयोग नहीं किया गया। समारोह में करीब 150 मेहमानों ने भाग लिया। मेहमान इस पहल से काफी उत्साहित थे और उन्होंने स्वच्छ-इवेंट स्टैंडियों के साथ सेल्फी ली। कार्यक्रम स्थल पर 20 लीटर पानी का डिस्पेंसर था जिस पर पानी बचाओ संदेश चिपकाया गया था।