मौके पर पहुंची पुलिस कार्रवाई में जुटी
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली के बवाना इलाके में बृहस्पतिवार शाम बाइक सवार तीन बदमाशों ने अंधाधुंध गोलीबारी कर एक दुकानदार की हत्या कर दी और वहीं उसके पिता, 10 साल के भांजे और एक पड़ोसी को घायल कर दिया। मृतक की शिनाख्त 26 साल के रवि के रूप में हुई है। जबकि उसके पिता अनिल, भांजा और पड़ोसी पुनीत का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक गैंगवार की वजह से हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया है, वहीं जिला के पुलिस अधिकारी गैंगवार से इंकार नहीं कर रहे और मामले की छानबीन की बात कह रहे हैं।
बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम करीब पौने छह बजे पुलिस को बवाना के हरेवली गांव में गोलीबारी की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि बाइक सवार युवकों ने परचून की दुकान चलाने वाले रवि और उसके पिता समेत चार लोगों को गोली मार दी है। सभी को पास के अस्पताल में लेकर गए हैं। पुलिस तुरंत अस्पताल पहुंची। जहां पता चला कि डॉक्टरों ने रवि को मृत घोषित कर दिया है, जबकि उसके पिता अनिल और 10 साल के भांजे और पड़ोसी पुनीत का इलाज चल रहा है। पुलिस ने रवि के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मौके पर छानबीन के दौरान चश्मदीदों ने बताया कि बाइक सवार तीन युवक ने वारदात को अंजाम दिया। तीनों बाइक से मौके पर पहुंचे, एक बाइक पर सवार था, जबकि दो लोग दुकान पर पहुंचे और रवि पर ताबड़तोड़ गोली चला दी। बदमाशों ने वहीं मौजूद उसके पिता और भांजे और पड़ोसी पुनीत को गोली मारने के बाद वापस बाइक पर सवार हो गए। बदमाश हवा में गोलीबारी करते हुए भाग गए। पुलिस ने क्राइम और फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने छानबीन करने के बाद मौके से डेढ़ दर्जन से अधिक खोखे बरामद किए।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि रवि गैंगस्टर गोगी गैंग का सदस्य था और एक मामले में जेल सात साल रहने के बाद कुछ दिन पहले निकला था। छानबीन में पता चला कि है कि 15 दिन से वह परचून की दुकान चला रहा था। उसके पिता अनिल खेतीबाड़ी करते हैं। वहीं उसका 10 साल का भांजा अपने मामा के घर घूमने के लिए आया था। पुलिस सूत्रों का कहना है कि शुरुआती जांच में पता चला है कि रवि पर टिल्लू गैंग के बदमाशों ने गोलीबारी की है। पुलिस ने हत्या और हत्या का प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने घटनास्थल के आस पास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को कब्जे में ले लिया है। पुलिस फुटेज के जरिए हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।