राजधानी में आज से कोरोना टीके की दूसरी डोज लगनी शुरू हो जाएगी। 16 जनवरी को सबसे पहले टीका लगवाने वाले 4319 स्वास्थ्यकर्मियों को शनिवार को दूसरी डोज लगाई जाएगी। इनमें से 54 लोगों में पहली डोज के बाद हल्के दुष्प्रभाव दिखे थे। पहली डोज के 28 दिन बाद दूसरी डोज लगने के बाद यह माना जाएगा कि इन लोगों का कोरोना के खिलाफ टीकाकरण पूरा हो चुका है।
कोरोना के खिलाफ टीके की दूसरी और अंतिम डोज को लेकर स्वास्थ्यकर्मियों में उत्साह है। अधिकतर स्वास्थ्यकर्मियों को फोन कॉल और एसएमएस के जरिये शुक्रवार शाम तक इसकी सूचना मिल गई थी। शुरूआत में 40 केंद्रों पर दूसरी डोज दी जाएगी। इसके बाद यह संख्या बढ़ेगी। दिल्ली में अब तक करीब 1 लाख 75 हजार स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाया जा चुका है।
शुरुआती चरणों में टीकाकरण के लिए 2 लाख 78 हजार स्वास्थ्यकर्मियों और 4.5 लाख अग्रिम मोर्चे पर तैनात कर्मचारियों ने टीकाकरण के लिए पंजीकरण कराया था। इस तरह शुरुआती चरण में कुल 7 लाख 28 हजार लोगों को टीका लगना था। इस लिहाज से अभी टीकाकरण का आधा लक्ष्य भी हासिल नहीं हुआ है।