कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन संक्रमण की वजह से हाई रिस्क देशों से आ रहे यात्रियों को लेकर दिल्ली एयरपोर्ट अलर्ट मोड में है। लेकिन बड़ी संख्या में आने वाले यात्रियों व व्यवस्थित भीड़ प्रबंधन नहीं होने की वजह से एयरपोर्ट के हाई रिस्क जोन होने से इंकार नहीं किया जा सकता।
विभिन्न देशों से आने वाले लोगों की सैकड़ों की संख्या में एकत्रित होने और आरटीपीसीआर की वजह से एयरपोर्ट पर जांच रिपोर्ट के लिए घंटों गुजारने की वजह से सोशल डिस्टेंसिंग के नियम भी तार-तार हो रहे है। हालांकि अब एराइवल एरिया में ही जांच के लिए मशीने लगा दी गई है।
अब सैंपल लेकर लैब में जाने की अवधि भी पहले की अपेक्षा कम हो गई है। वहीं एयरपोर्ट से बाहर निकलने की जल्दबाजी की वजह से भी बेहतर भीड़ प्रबंधन करने में परेशानी हो रही है। अराइवल जोन में भीड़ तो है ही साथ ही डिपार्चर जोन में भी भीड़ देखने को मिल रही है। क्योंकि कई यात्री समय पूर्व ही पहुंच जा रहे है।
भीड़ नियंत्रण के लिए कई प्रयास किए जा रहे
हाई रिस्क देशों से आ रहे यात्रियों की आईजीआई एयरपोर्ट पर आरटीपीसीआर जांच की सुविधा तो है ही साथ ही भीड़ बढ़े नहीं इसे देखते हुए प्री-बुकिंग काउंटर की व्यवस्था की गई है। इसके लिए अलग से 20 काउंटर बने है ताकि एयरपोर्ट पहुंचते ही जांच के लिए उनका टोकन नंबर जारी किया जा सके और जांच रिपोर्ट सौंपी जा सके। पहले ऑनलाइन टिकट बुकिंग कराते समय ही आरटीपीसीआर के लिए फार्म भरा जा रहा था। बावजूद भीड़ में कमी नहीं हो रही है।