दिल्ली सरकार के राजीव गांधी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल ने गैर कोविड मरीजों की तकलीफों के चलते फिर से स्वास्थ्य सेवाएं शुरू कर दी हैं। अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार यहां ओपीडी और पहले से तय ऑपरेशन पर रोक लगी थी लेकिन बुधवार से स्वास्थ्य सेवाओं को फिर से बहाल कर दिया गया है।
दिल्ली में बढ़ते कोरोना संक्रमण की वजह से गैर कोविड रोगियों की मुसीबतें बढ़ गई हैं। अधिकांश अस्पतालों में ओपीडी का समय पहले की तुलना में करीब एक से दो घंटे तक कम कर दिया गया है। वहीं दोपहर में चलने वालीं कैंसर इत्यादि की ओपीडी भी स्थगित हैं। इनके अलावा राजधानी के अस्पतालों में पहले से तय ऑपरेशन पर भी रोक लगा दी गई है। इसके चलते मरीजों की परेशानी और बढ़ गई है।
विज्ञापन
दिल्ली के लक्ष्मी नगर निवासी महेंद्र यादव बताते हैं कि कुछ दिन पहले तक अस्पतालों में डॉक्टरों की हड़ताल चल रही थी। करीब एक महीने तक उनके कान का ऑपरेशन नहीं हो पाया। इसके बाद हड़ताल खत्म हुई तो पता चला कि कोरोना संक्रमण की वजह से ऑपरेशन पर रोक लगा दी है। वे पिछले दो महीने से ऑपरेशन की डेट लेने के लिए ही चक्कर लगा रहे हैं। महेंद्र बताते हैं कि उनके कान में सूजन और पस आने की वजह से ऑपरेशन जरूरी है।
इसी तरह उत्तर प्रदेश से एम्स में आकर इलाज कराने वाले राहुल वशिष्ठ ने बताया कि उनके भाई विभांशु को खून के कैंसर से जुड़ी बीमारी की पहचान हुई है। पांच महीने में करीब 12 चक्कर लगाने के बाद एम्स के डॉक्टर ने पर्ची पर भर्ती होने की सिफारिश की है लेकिन जब वे काउंटर पर पहुंचे तो पता चला कि एम्स ने अनिश्चितकालीन के लिए भर्ती पर रोक लगा दी है। उनसे कहा गया है कि कोरोना संक्रमण के मामले कम होने के बाद एम्स आकर अधिक जानकारी प्राप्त करें। राहुल का कहना है कि कोरोना के बारे में अब क्या कह सकते हैं? किसे पता कि यह कब कम होगा? उनके भाई को उपचार की आज जरूरत है लेकिन दिल्ली के अस्पतालों में इलाज ही नहीं मिल पा रहा है।
विज्ञापन
जानकारी मिली है कि दिल्ली और केंद्र दोनों के ही अस्पतालों में इन दिनों ऐसी स्थिति देखने को मिल रही है। एक ओर अस्पतालों में स्वास्थ्यकर्मियों के संक्रमित होने की वजह से स्टाफ का संकट आ गया है। वहीं दूसरी ओर गैर कोविड मरीज भी बड़ी संख्या में कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं। इनके संपर्क में आने की वजह से भी स्वास्थ्यकर्मी संक्रमित हो रहे हैं। शायद इसीलिए दिल्ली एम्स, सफदरजंग, आरएमएल, लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज सहित दिल्ली के बड़े अस्पतालों ने ओपीडी, सुपर स्पेशलिटी क्लीनिक, पहले से तय ऑपरेशन और गैर जरूरी भर्तियां इत्यादि पर रोक लगा दी है।
हालांकि पूर्वी दिल्ली स्थित दिल्ली सरकार के राजीव गांधी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल ने गैर कोविड मरीजों की तकलीफों के चलते फिर से स्वास्थ्य सेवाएं शुरू कर दी हैं। अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार यहां ओपीडी और पहले से तय ऑपरेशन पर रोक लगी थी लेकिन बुधवार से स्वास्थ्य सेवाओं को फिर से बहाल कर दिया गया है।