दिल्ली सरकार ने ठंड के मौसम में होने वाले प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए 18 अक्टूबर से 'रेड लाइट ऑन, गाड़ी ऑफ' अभियान चलाने का निर्णय लिया है। यह अभियान एक महीने यानी 18 नवंबर तक सुबह 8:00 बजे से शाम 8:00 बजे तक चलेगा। इस दौरान दिल्ली के 100 बड़े चौराहे पर सिविल डिफेंस कर्मी तैनात रहेंगे। वे लोगों को यह याद दिलाएंगे कि वे रेड लाइट ऑन होते ही अपनी गाड़ी के इंजन बंद कर दें, जिससे प्रदूषण में कमी लाई जा सके।
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने बताया कि सरकार ठंड के समय बढ़ाने वाले प्रदूषण को रोकने के लिए हर स्तर पर तैयारी कर रही है। इसके मद्देनजर पराली जलाने से रोक, निर्माण स्थलों पर होने वाले प्रदूषण में कमी लाने और वाहनों से पैदा होने वाले प्रदूषण को कम करने की कोशिश हो रही है। इसी के तहत इस वर्ष भी रेड लाइट ऑन गाड़ी ऑफ अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान सिविल डिफेंस कर्मी लोगों को बुके पैम्फलेट देकर बताएंगे कि उन्हें रेड लाइट ऑन होते ही अपने वाहनों के इंजन बंद कर देने चाहिए। इससे पेट्रोल न जलने से पैसा भी बचेगा और पर्यावरण भी शुद्ध रहेगा।