राजधानी में कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है। चार दिन में ही 22 हजार संक्रमित मिल चुके हैं। बढ़ते मामलों पर दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन का कहना है कि व्यापक स्तर पर की जा रही कांटेक्ट ट्रेसिंग के कारण दैनिक मामले बढ़ रहे हैं। आने वाले दिनों में अगर मामले और बढ़ते हैं तो उसके हिसाब से सरकार की तैयारियां पूरी हैं।
उन्होंने कहा कि अब एक व्यक्ति के पॉजिटिव मिलने पर उसके पूरे परिवार और संपर्क में आए सभी लोगों की जांच की जा रही है। पहले संक्रमित के संपर्क में आए 6 से 7 लोगों की जांच की जाती थी। अब ये संख्या 15 से भी ज्यादा है। यही कारण है कि कुछ दिनों से केस बढ़ रहे हैं। सरकार की इस रणनीति से भविष्य में संक्रमण पर बेहतर तरीके से लगाम लग सकेगी।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में बिस्तर की कोई कमी नहीं है। अभी भी 60 फीसदी बेड खाली हैं। वर्तमान में संक्रमण के हालातों को देखते हुए सरकार पुख्ता तैयारियां कर रही है। फिलहाल अधिकतर संक्रमितों में हल्के लक्षण हैं। अगर आने वाले दिनों में अस्पतालों में मरीज बढ़ेंगे तो उसको देखते हुए सरकार 25 फीसदी बिस्तर और बढ़ाएगी।