फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली: सात वर्षीय मासूम के साथ दुष्कर्म करने वाला दरिंदा गिरफ्तार, पहले भी कर चुका है ऐसे अपराध

Sun, 24 Oct 2021 10:47 AM IST
प्राची प्रियम अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली

सार

आरोपी तक पहुंचने के लिए पुलिस के पास कोई साक्ष्य नहीं थे। न तो आरोपी का पीड़ित से किसी तरह का संबंध या परिचय था, न ही वो उस इलाके का रहने वाला था।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मध्य जिला के वाहन चोरी निरोधक दस्ते (एएटीएस) ने रणजीत नगर में छह साल की बच्ची से दुष्कर्म करने वाले गुनाहगार को 36 घंटे बाद रोहतक जिले के कलानौर के पास से गिरफ्तार कर लिया है। 800 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद आरोपी की पहचान हुई। पुलिस ने इसके बाद सर्विलांस के जरिए उसे उस बस से धर दबोचा, जिससे वह राजस्थान भागने की कोशिश कर रहा था।

विज्ञापन


पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात के दिन पहने हुए कपड़ों को भी बरामद कर लिया है। आरोपी पहले भी ख्याला में सात साल की बच्ची के साथ इस तरह की घटना को अंजाम दे चुका है। वह इस मामले में वह जमानत पर जेल से बाहर आया था। कुछ दिन पहले भी इंद्रलोक में इस तरह की वारदात को अंजाम देने की बात कही जा रही है।

मध्य जिला पुलिस उपायुक्त श्वेता चौहान ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान रघुवीर नगर निवासी सूरज के रूप में हुई है। आरोपी ने 22 अक्तूबर की सुबह रणजीत नगर इलाके में रहने वाली छह साल की बच्ची को अगवा कर उसके साथ दुष्कर्म किया। बच्ची घटना के समय घर से लंगर लेने गुरुद्वारा जा रही थी। किसी तरह घर पहुंची बच्ची को एंबुलेंस से पास के वल्लभ भाई पटेल अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि बच्ची के साथ दुष्कर्म किया गया है और वहां से बच्ची को लेडी हार्डिंग ले जाने की सलाह दी।

विज्ञापन

इस बीच पुलिस ने दुष्कर्म और पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। उधर एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल में चक्कर काटने के बाद दोपहर में बच्ची को राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कर उसका इलाज शुरू कर दिया गया। जिले की वाहन चोरी निरोधक शाखा, स्पेशल स्टाफ और कई थानों की आठ टीम गठित कर मामले की जांच शुरू की गई। सीसीटीवी फुटेज की जांच के दौरान एक युवक को बच्ची को ले जाते देखा गया। पुलिस उसके फोटो को निकालकर पहचान करने में जुट गई।

कलानौर के पास से किया गिरफ्तार
पुलिस ने उसके फोटो को दिल्ली के सभी थानों में भेजा। पुलिस को पता चला कि आरोपी के खिलाफ ख्याला में भी इसी तरह का मामला दर्ज है। पुलिस ने युवक की पहचान कर उसके घर पर दबिश दी, लेकिन वह फरार हो चुका था। परिवार वालों से पता चला कि वह राजस्थान जा रहा है। पुलिस ने आरोपी के फोन नंबर को सर्विलांस पर लगाया और उप-निरीक्षक संदीप गोदारा के नेतृत्व में पुलिस टीम उसका पीछा करना शुरू कर दिया। रोहतक के कलानौर के पास पुलिस ने रात दो बजे उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके निशानदेही पर घर से वारदात के दिन पहने उसके कपड़ों को बरामद कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी पुराने कपड़े लेकर बर्तन बेचता था।

पिछले मामले की अदालत में थी सुनवाई, राजस्थान से सुनवाई के लिए आया था दिल्ली
रणजीत नगर इलाके में छह साल की बच्ची से दुष्कर्म करने के आरोप में गिरफ्तार सूरज राजस्थान के सरदार शहर में फेरी पर बर्तन बेचता है। 22 अक्तूबर को उसकी तीस हजारी अदालत में ख्याला थाने में दर्ज दुष्कर्म के प्रयास के मामले की सुनवाई थी। सुनवाई में शामिल होने के लिए वह राजस्थान से दिल्ली आ गया। वह 22 अक्तूबर को सुनवाई के लिए अपने रघुवीर नगर स्थित घर से तीस हजारी अदालत जाने के लिए निकला, लेकिन वह अदालत जाने के बजाए शादीपुर मेट्रो स्टेशन के पास बस से उतर गया।
विज्ञापन

कोर्ट में पेशी के लिए घर से निकला और पहुंच गया रणजीत नगर
आरोपी ने पूछताछ के दौरान खुलासा किया कि पता नहीं उसके दिमाग में क्या चल रहा था। वह शादीपुर मेट्रो स्टेशन से रणजीत नगर की ओर चला गया। गुरुद्वारा के पास उसे अकेली बच्ची दिखाई दी। उसने बच्ची से बात करने की कोशिश की। बच्ची उससे बात करने लगी। उसने बच्ची को दस रुपये दिए और कॉपी-किताब देने की बात कहकर अपने साथ चलने के लिए बहलाया -फुसलाया। बच्ची उसके साथ जाने के लिए राजी हो गई। उसके बाद वह बच्ची को लेकर सुरक्षित ठिकाने खोजने लगा। 
वह एक गली से दूसरी गली में बच्ची से बातचीत करते हुए उसे लेकर घूमता रहा। इस दौरान उसे एक गली में फैक्ट्री मिली, जिसमें कोई नहीं था। वह बच्ची को लेकर उस फैक्ट्री की पहली मंजिल पर गया और उसके साथ दुष्कर्म कर फरार हो गया।

बच्ची से दुुष्कर्म में दो माह बाद ही मिल गई जमानत
आरोपी ने बताया कि वह वहां से घर पहुंचा और फिर राजस्थान के लिए बस का टिकट बुक किया। लेकिन उसे 22 अक्तूबर का टिकट नहीं मिला। इसलिए उसने 23 अक्तूबर का टिकट लिया और 23 तारीख को पीरागढ़ी से बस पकड़कर राजस्थान के सरदार शहर के लिए रवाना हो गया। पूछताछ के बाद पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ख्याला में बच्ची से दुष्कर्म का प्रयास के मामले में गिरफ्तारी के दो माह बाद ही उसे जमानत मिल गई थी। उसके बाद वह राजस्थान चला गया था। 

इंद्रपुरी में पांच साल की बच्ची से दुष्कर्म में भी शामिल हो सकता है आरोप
चार दिन पहले इंद्रपुरी इलाके में भी पांच साल की बच्ची को बहला फुसलाकर उसके साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिस तरह से पांच साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म किया गया है उससे आशंका है कि आरोपी ने ही बच्ची के साथ दुष्कर्म किया है। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी से पूछताछ के दौरान इंद्रपुरी में हुई बच्ची से दुष्कर्म के बारे में भी पूछताछ की जाएगी। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें