फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राजेंद्र नगर उपचुनाव: भाजपा-कांग्रेस के उम्मीदवारों की कोई खबर नहीं, आप ने दुर्गेश पाठक को मैदान में उतारा

Tue, 31 May 2022 06:04 AM IST
विजय पुंडीर अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली

सार

राजेंद्र नगर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए भाजपा-कांग्रेस ने अभी तक उम्मीदवार की घोषणा नहीं की। जबकि सोमवार से नामांकन पत्र दाखिल करने की शुरूआत हो गई है। हालांकि, आम आदमी पार्टी ने पहले बाजी मारते हुए दुर्गेश पाठक को मैदान में उतार दिया है। 
विज्ञापन
दुर्गेश पाठक - फोटो : https://www.facebook.com/ipathak25
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजेंद्र नगर विधानसभा क्षेत्र का उपचुनाव में आम आदमी पार्टी उम्मीदवार के नाम का एलान करने के मामले में बढ़त बना चुकी है, वहीं भाजपा एवं कांग्रेस में उम्मीदवार का नाम तय करने के लिए अभी विचार विर्मश भी शुरू नहीं हुआ है, जबकि सोमवार से नामांकन पत्र दाखिल करने की शुरूआत हो गई है।

विज्ञापन


राजेंद्र नगर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में आम आदमी पार्टी ने अपने वरिष्ठ नेता दुर्गेश पाठक पर दाव लगाया है। हालांकि, करीब सवा दो साल पहले विधानसभा चुनाव में वह करावल नगर क्षेत्र में भाजपा के मोहन सिंह बिष्ट से हार गए थे। इसके बाद से वह तीनों नगर निगम में सत्तारूढ़ भाजपा की पोल खोलने में लगे थे और राजेंद्र नगर के विधायक पद से राघव चड्ढा के त्यागपत्र देने के बाद से वह इस क्षेत्र में सक्रिय है।

उधर, भाजपा में एक अनार सौ बीमार वाली स्थिति है। यहां से चुनाव लड़ने के लिए भाजपा के नेता ताल ठोंक रहे थे, लेकिन इन नेताओं में शामिल प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष आदेश गुप्ता एवं प्रवक्ता तजिंद्रपाल सिंह बग्गा ने हाल में चुनाव लड़ने से मना कर दिया। इस तरह यहां पर अब पूर्व विधायक आरपी सिंह व एमएस सिरसा, पूर्व पार्षद राजेश भाटिया व मालती वर्मा समेत कई अन्य नेता दावेदारी कर रहे है। ये नेता टिकट प्राप्त करने के लिए अपने आकाओं के साथ-साथ पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के पास चक्कर लगा रहे है। इस दौरान वे अपनी जीत के संबंध में समीकरण भी समझाते है। सूत्रों के अनुसार प्रदेश इकाई इन नेताओं को टिकट देने का विरोध कर रही है, वह इन नेताओं को हल्का उम्मीदवार करार दे रही है। प्रदेश इकाई यहां से ऐसा उम्मीदवार मैदान उतारने का तर्क दे रही है जो आम आदमी पार्टी को मात दे सके।
विज्ञापन


दूसरी ओर कांग्रेस प्रतिष्ठा बचाने के प्रयास में लगी है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि यहां से ऐसे नेता को चुनाव लड़ाने की योजना है जो आप व भाजपा को कड़ी टक्कर दे सके। कांग्रेस यहां से ब्रह्म यादव के अलावा अल्का लांबा और अमृता धवन को चुनाव लड़ाने पर विचार कर रही है। ब्रह्म यादव इलाके के प्रभावशाली नेता माने जाते है। वह पार्षद रहने के अलावा विधायक का चुनाव लड़ चुके है, वहीं वर्ष 2015 में चांदनी चौक से आप के टिकट पर विधायक बनने से पहले वर्ष 2003 में मोतीनगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा नेता व पूर्व मुख्यमंत्री मदनलाल खुराना के खिलाफ लड़ी डूसू की पूर्व अध्यक्ष अल्का लांबा हमेशा सुर्खियों में रहती है। इस कारण उन्हें दिल्ली की अधिकतर जनता जानती है। डूसू का तीन बार चुनाव जीतने के बाद पार्षद बनी अमृता धवन भी राजनीतिक तौर पर काफी सक्रिय है। प्रदेश कांग्रेस की महिला विंग की अध्यक्ष अमृता धवन वर्ष 2013 में तिलक नगर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ चुकी है।

23 जून को होगा चुनाव
राजेंद्र नगर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए 23 जून को मतदान होगा और 26 जून को मतगणना होगी। 30 मई से नामांकन दाखिल करने की शुरूआत हो चुकी है और छह जून तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। आयोग सात जून को नामांकन पत्रों की जांच करेगा और चुनाव नहीं लड़ने के इच्छुक नेता नौ जून तक अपना नामांकन वापस ले सकते है। इस विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान में 1,76,364 मतदाता है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें