कोविड-19 से जंग में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए उत्तर रेलवे की वर्कशॉप 24 घंटे सातों दिन काम में जुटी हैं। अब तक इन वर्कशॉप में 44 हजार पीपीई किट बनाई जा चुकी हैं। यहां 30 हजार पीपीई किट बनाने का लक्ष्य निर्धारित से 12 दिन पहले ही पूरा कर लिया गया था।
उत्तर रेलवे की कार्यशालाओं ने एक दिन में सर्वाधिक 3000 पीपीई किट बनाने का रिकॉर्ड भी कायम किया है। इसी माह 50 हजार पीपीई किट बनाने का लक्ष्य भी हासिल हो जाएगा।
एनटीपीसी-ओएनजीसी ने बनाई संयुक्त कंपनी
नेशनल थर्मल पावर कॉरपोरेशन (एनटीपीसी) लिमिटेड और ऑयल एड नेचुरल गैस कॉरपोरेशन (ओएनजीसी) लिमिटेड ने अक्षय ऊर्जा कारोबार के लिए एक संयुक्त कंपनी बनाने के लिए समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।
इस समझौते के माध्यम से दोनों कंपनियों अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराएंगी। इस समझौते पर एनटीपीसी के डायरेक्टर (कमर्शियल) एके गुप्ता और ओएनजीसी के डायरेक्टर फाइनेंस और इंचार्ज बिजनेस डेवलपमेंट एंड ज्वाइंट वेंचर सुभाष कुमार ने हस्ताक्षर किए।
वर्चुअल कॉन्फ्रेंसिंग से हुए इस समझौते के दौरान एनटीपीसी के सीएमडी गुरदीप सिंह और ओएनजीसी के सीएमडी शशि शंकर भी मौजूद रहे। समझौते के मुताबिक, नई कंपनी भारत और विदेश में समुद्रतटीय क्षेत्र में पवन ऊर्जा और अन्य लगाएगी। कंपनी अक्षय ऊर्जा के अन्य माध्यमों में भी हाथ आजमाएगी। एनटीपीसी देश की सबसे बड़ी ऊर्जा उत्पादक कंपनी है।