यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर नहीं करना पड़ेगा भीड़ का सामना
रेल मंत्री ने बताया कि अब सभी टिकट काउंटर इस केंद्र में स्थानांतरित कर दिए गए हैं। अगर किसी यात्री के पास आरक्षित टिकट है, तो वह सीधे प्लेटफॉर्म की ओर जा सकता हैं। अगर टिकट नहीं है, तो वह यहां आकर आराम से टिकट खरीद सकता है और व्यवस्थित तरीके से प्रवेश कर सकता है। यह केंद्र यात्रियों को बैठने की बड़ी जगह, पर्याप्त शौचालय और आरामदायक माहौल प्रदान करेगा। रेल मंत्री ने कहा कि यह नई दिल्ली स्टेशन के लिए स्थायी सुविधा है, ताकि यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर भीड़ का सामना न करना पड़े।
देशभर के 76 स्टेशनों पर लागू होगी व्यवस्था
रेल मंत्री ने बताया कि देशभर के 76 प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर, जहां भीड़ अधिक रहती है, इसी तरह की स्थायी व्यवस्था लागू की जाएगी। आने वाले समय में, जब छठ और दीपावली जैसे त्योहारों पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ेगी, तब इस नई प्रणाली की व्यावहारिक परीक्षा होगी। उस अनुभव के आधार पर अन्य स्टेशनों पर भी ऐसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
रेल व्यवस्था में नए स्तर की ओर बढ़ते प्रयास
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि रेल मंत्रालय लगातार यात्री सुविधाओं को एक नए स्तर तक पहुंचाने के प्रयास में जुटा है। उन्होंने बताया कि आने वाले फरवरी या मार्च तक आईआरसीटीसी (इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन) की क्षमता करीब दस गुना बढ़ जाएगी। साथ ही, यात्रियों में रेल वन ऐप को लेकर भी रुझान तेजी से बढ़ रहा है। मंत्री ने कहा, हम हर तरह की प्रतिक्रिया को गंभीरता से लेते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में रेलवे के ढांचे को नए रूप में विकसित किया जा रहा है।