संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। द्वारका स्थित छावला के हरियाणा क्रिकेट ग्राउंड पर बृहस्पतिवार को खेले गए डीडीसीए टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट 2024-25 के मुकाबले में रघुवीर विलोलर्स सीसी की टीम ने सोनैक्स को 5 विकेट से हराया। बेहतरीन प्रदर्शन के लिए यासीन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
सोनैक्स की टीम ने 20 ओवर में 175 रन बनाए। टीम की ओर से सबसे अधिक रन कप्तान साहिल कुमार ने 44 गेंदों पर 50 रन बनाकर किए, जिसमें छह चौके और दो छक्के शामिल थे। वहीं, आदित्य अग्रवाल ने 36 रन और अर्पित गर्ग ने 25 रन का योगदान दिया। हालांकि टीम के बाकी बल्लेबाज रफ्तार पकड़ने में नाकाम रहे। रघुवीर विलोलर्स सीसी टीम के कबीर सचदेवा ने 4 ओवर में 24 रन देकर 3 विकेट चटकाए। मोहम्मद कामरान और शुभम अमबवता ने भी एक-एक विकेट झटका।
उतरी रघुवीर विलोलर्स सीसी के ओपनर यासीन ने टी-20 फॉर्मेट की एक धमाकेदार पारी खेली। उन्होंने सिर्फ 34 गेंदों पर 90 रन ठोक दिए, जिसमें 10 छक्के और 4 चौके शामिल थे। टीम ने 18.3 ओवर में 181/5 बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। सोनैक्स की ओर से आयुष बनर्जी ने 4 ओवर में 21 रन देकर 3 विकेट लिए और गेंदबाजी में सर्वश्रेष्ठ रहे।