-कुलपति ने डीयू कोर्ट की 93वीं बैठक में दी जानकारी, कोर्ट के लिए सात पदों पर निर्विरोध चुने गए सदस्य
-इन सातों सदस्यों का चुनाव पांच साल के लिए हुआ, कार्यकाल 16 दिसंबर से शुरू होगा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए इस बार स्नातक प्रोग्राम (यूजी) की 71, 624 सीटों पर ज्यादा दाखिले हुए हैं। इस बार 72,230 छात्रों ने 79 प्रोग्रामों में दाखिला लिया है। कुछ प्रोग्राम में कुछ सीटें रिक्त भी रही हैं, कुछ प्रोग्रामों में सीटों से अधिक दाखिले भी किए गए हैं। वहीं स्नातकोत्तर स्तर पर 10, 457 छात्रों ने दाखिला लिया है। डीयू कोर्ट की बैठक में कुलपति ने दाखिला संबंधी यह आंकड़े प्रस्तुत किए।
दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. योगेश सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को डीयू कोर्ट की 93वीं बैठक आयोजित हुई। इस बैठक में कोर्ट के सात पदों पर सदस्य निर्विरोध चुने गए। चुनाव के लिए सात ही आवेदन प्राप्त हुए थे। इसलिए इन सातों को पांच साल के लिए निर्विरोध चुन लिया गया। इन सभी का कार्यकाल 16 दिसंबर से शुरू होगा। जिन सदस्यों को निर्विरोध चुना गया है उनमें अधिवक्ता अभिनव गर्ग, अधिवक्ता मोनिका अरोड़ा, अधिवक्ता राजपाल सिंह पवार, अधिवक्ता संजय कुमार, सर्जरी निदेशक प्रो. डॉ. शैलेश कुमार, अधिवक्ता तन्मय वत्स और चार्टर्ड अकाउंटेंट वैभव भटनागर शामिल हैं।
कुलपति प्रो सिंह ने सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि निर्विरोध निर्वाचन दर्शाता है कि सभी लोग डीयू के हित में मिलकर चले हैं। बैठक में कुलपति ने विश्वविद्यालय की गतिविधियों एवं उपलब्धियों का विवरण भी दिया। उन्होंने नियुक्तियों के आंकड़े प्रस्तुत करते हुए कहा कि अभी तक कुल 4936 शैक्षणिक पदों पर नियुक्तियां की जा चुकी हैं। वहीं डीयू के रैंकिंग के आंकड़े साझा करते हुए बताया कि नेशनल और इंटरनेशनल रैंकिंग में डीयू ने शानदार प्रदर्शन किया है। क्यूएस वल्र्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग एम्प्लॉयमेंट आउटकम में डीयू दुनिया में 30 वें स्थान पर पहुंच गया है। इसके साथ ही भारत के संस्थानों में इस श्रेणी में डीयू पहले स्थान पर है।
कुलपति ने कहा कि क्यूएस में डीयू का ग्लोबल रैंक इस बार 328 है, जबकि हमारा लक्ष्य है कि आगामी वर्षों में डीयू विश्व के टॉप 100 विश्वविद्यालयों में शामिल हो। बैठक में डीयू रजिस्ट्रार डॉ विकास गुप्ता ने एजेंडा प्रस्तुत करते हुए कोर्ट की 92वीं बैठक के मिनट्स भी प्रस्तुत किए और इनकी एक्शन टेकन रिपोर्ट भी प्रस्तुत की। बैठक में डीयू दक्षिणी परिसर की निदेशक प्रो रजनी अब्बी, डीन ऑफ कॉलेजेज प्रो बलराम पाणी, व कोषाध्यक्ष नवल किशोर समेत कोर्ट के सदस्य उपस्थित रहे।