राजधानी के केशवपुरम जोन स्थित एक स्कूल में खाना बांटने के दौरान कोरोना पॉजिटिव नेता के संपर्क में आने के बाद 32 निगम कर्मियों को क्वारंटीन किया गया है। इनका बुधवार को कोरोना टेस्ट होगा।
बताया जा रहा है कि निगम कर्मी केशवपुरम जोन के अंतर्गत आने वाले एक स्कूल में गरीबों को खाना बांट रहे थे। इस बीच वहां एक नेता भी आ पहुंचे, जो बाद में कोरोना पॉजिटिव निकले।
इसको देखते हुए निगम ने उनके संपर्क में आए अपने 32 कर्मियों को क्वारंटीन कर दिया है। वहीं, 86 लोगों की रिपोर्ट आना बाकी है। इसके बाद कोरोना के और मामलों की पुष्टि हो सकेगी।