अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। विश्व होम्योपैथी दिवस के अवसर पर 10-11 अप्रैल को आयुष मंत्रालय, राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग (एनसीएच), केंद्रीय होम्योपैथी अनुसंधान परिषद (सीसीआरएच) और राष्ट्रीय होम्योपैथी संस्थान (एनआईएच) की ओर से दो दिवसीय सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन होम्योपैथी के संस्थापक डॉ. सैमुअल हैनिमैन की 269वीं जयंती पर द्वारका में यशोभूमि इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित किया जाएगा। इसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। आयुष कैबिनेट मंत्री सर्बानंद सोनोवाल और आयुष राज्य मंत्री डॉ. मुंजपारा महेंद्रभाई भी उपस्थित रहेंगे।
एचएमएआई के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. ए.के.गुप्ता ने कहा कि कन्वेंशन को होम्योपैथिक मेडिकल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एचएमएआई) का समर्थन प्राप्त है, जो दुनिया में होम्योपैथिक डॉक्टरों का सबसे बड़ा संघ है। अनुसंधान को सशक्त बनाना और दक्षता बढ़ाना इस सम्मेलन का विषय है। बड़ी संख्या में होम्योपैथिक डॉक्टरों, छात्रों, शोधकर्ताओं को नवीनतम विकास और शोध प्रदर्शित करने के लिए एक मंच मिलेगा। इस आयोजन में लगभग 5 हजार होम्योपैथ प्रतिनिधि शामिल होंगे।