नई दिल्ली। दिल्ली हाईकोर्ट ने शुक्रवार को चेक बाउंस मामले में अभिनेता राजपाल यादव द्वारा दायर याचिका पर दिल्ली पुलिस और एक निजी कंपनी से जवाब मांगा। यह याचिका दुबई में दिवाली कार्यक्रम में शामिल होने के लिए यात्रा की अनुमति मांगने के संबंध में थी। न्यायमूर्ति रविंदर डुडेजा ने दिल्ली पुलिस और मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड को राजपाल यादव के आवेदन पर नोटिस जारी किया और मामले को आगे की सुनवाई के लिए 14 अक्तूबर को सूचीबद्ध किया।
राजपाल यादव के वकील ने बताया कि अभिनेता को बिहारी ग्लोबल कनेक्ट नामक कंपनी ने दुबई में दीपावली कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया है। उन्होंने कहा कि अभिनेता को 17 से 20 अक्तूबर तक विदेश यात्रा करने की आवश्यकता है। यह आवेदन यादव की एक लंबित पुनरीक्षण याचिका में दायर किया गया था, जिसमें उन्होंने चेक बाउंस मामले में निचली अदालत द्वारा दी गई सजा को चुनौती दी है। ब्यूरो