नई दिल्ली। उपमहापौर जयभगवान यादव ने वार्ड नंबर-17 भलस्वा स्थित जहांगीरपुरी सी-ब्लॉक का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने इलाके की साफ-सफाई व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कूड़ा उठाने वाली एजेंसी को जिम्मेदारी से कार्य करने और स्थानीय सड़कों, नालियों व मलबे की सफाई जल्द पूरी करने के आदेश दिए। इस मौके पर उपमहापौर ने बाबासाहब भीमराव अंबेडकर पार्क का भी दौरा किया और पार्क से सटी निगम की जमीन को पार्क में मिलाकर चहारदीवारी निर्माण और पेड़ों की छंटाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का भी आदेश दिया। इस अवसर पर पार्षद अजीत यादव, उपायुक्त अंशुल सिरोही भी मौजूद थे। ब्यूरो