सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने पाइपलाइन बिछाने के कार्य का उद्घाटन किया
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के लाखों लोगों को राहत देने वाली पहल शुरू हुई है। सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने मीठापुर चौक पर पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की पाइपलाइन बिछाने के कार्य का उद्घाटन किया।
इस परियोजना से बदरपुर विधानसभा क्षेत्र के मीठापुर, हरिनगर और जैतपुर वार्डों के लगभग चार लाख लोगों को छह महीने के भीतर पीएनजी गैस की सुविधा मिलने लगेगी। इस मौके पर बिधूड़ी ने कहा कि केंद्र और दिल्ली सरकार मिलकर इस काम को प्राथमिकता दे रही हैं ताकि लोगों को सुरक्षित, सुगम और लगातार उपलब्ध रहने वाली गैस की सुविधा जल्द मिल सके। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पीएनजी से लोगों को अच्छी गुणवत्ता की गैस तो मिलेगी ही, साथ ही सिलिंडर खत्म होने, देर से मिलने या गैस कम निकलने जैसी परेशानियां भी खत्म हो जाएंगी। कार्यक्रम में आईजीएल के अधिकारी भी मौजूद रहे। इसी दौरान बिधूड़ी ने हरिनगर में नेशनल हाईवे के समीप आरडब्ल्यूए की मदद से तैयार किए गए पार्क का भी उद्घाटन किया और अधिकारियों को पार्क में आवश्यक सुविधाएं शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।