अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (आईपीयू) के बीएएमएस एवं बीएचएमएस प्रोग्राम में दाखिले के लिए आयोजित हो रही स्ट्रे राउंड की काउंसलिंग के लिए 19 नवंबर तक ऑनलाइन पंजीकरण कराया जा सकता है। इन प्रोग्राम में दाखिले के लिए जिन उम्मीदवारों ने पचीस सौ रुपये आवेदन शुल्क के रूप में जमा कर पंजीकरण कर रखा है वे इन प्रोग्राम के लिए भरे हुए फॉर्म में रीजन, कैटेगरी, रैंक इत्यादि से संबंधित संशोधन भी 19 नवंबर तक कर सकते हैं।
नीट यूजी का रैंक कार्ड, शैक्षणिक प्रमाण पत्र, आरक्षण से संबंधित प्रमाण पत्र भरे हुए फॉर्म के साथ 19 नवंबर तक अपलोड किए जा सकते हैं। इसी तिथि तक इन दोनों प्रोग्राम के लिए विकल्प चयन भी किया जा सकता है। इन दोनों प्रोग्राम में दाखिले के लिए आयोजित की गई इस स्ट्रे राउंड ऑनलाइन काउंसलिंग का परिणाम 20 नवंबर को घोषित किया जाएगा। इन दोनों प्रोग्राम की काउंसलिंग का परिणाम घोषित होने के बाद दाखिला शेड्यूल यूनिवर्सिटी वेबसाइट पर बाद में डाला जाएगा। इन प्रोग्राम, काउंसलिंग व अन्य जानकारी यूनिवर्सिटी की दोनों वेबसाइट से प्राप्त की जा सकती है।