नई दिल्ली। विवेक विहार इलाके में गत 20 अगस्त को निर्माणाधीन साइट पर सुरक्षा गार्ड की बेरहमी से हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने बिल्डिंग में ही काम करने वाले प्लंबर को इस सिलसिले में गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गांव बिलामाई, बदायूं, यूपी निवासी रामकेश के रूप में हुई है।
पुलिस को रामकेश ने बताया कि गाली देने पर उसने हथौड़े से वारकर कर गार्ड सिकंदर राम (56) की हत्या की थी। वारदात के बाद वह उसका मोबाइल भी अपने साथ ले गया था। पुलिस ने आरोपी के पास से सिकंदर का मोबाइल फोन व वारदात में इस्तेमाल हथौड़ा भी बरामद कर लिया है। उसने बताया कि सिकंदर बदतमीजी करता। घटना वाले दिन गार्ड ने उसे गोली दी थी। इससे उसने गुस्से में गार्ड हत्या कर दी।
शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त अमित शर्मा ने बताया कि नामित मित्तल नामक शख्स ने 20 अगस्त को पुलिस को योजना विहार, विवेक विहार में सुरक्षा गार्ड की हत्या कर खबर दी थी। नामित को उनकी बिल्डिंग के कांट्रेक्टर बदरूद्दीन ने खबर दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने समस्तीपुर, बिहार निवासी सिकंदर का शव बरामद किया। उसके सिर पर वारकर उसकी हत्या की गई थी। उसका मोबाइल फोन गायब था।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर टेक्नीकल सर्विलांस की मदद से जांच शुरू की। सिकंदर का मोबाइल यूपी के बदायूं में एक्टिव मिला। फौरन एक टीम को बदायूं के बिलामाई गांव भेज दिया गया। वहां से आरोपी रामकेश को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी ने सिकंदर की हत्या की बात कबूल कर ली।