रोजाना व्यस्त समय में बन जाती है जाम की स्थिति
संवाद न्यूज एजेंसी
पूर्वी दिल्ली। मयूर विहार थाने के ठीक सामने सड़क की दोनों लेन पर बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण स्थानीय लोगों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क के बड़े हिस्से में गाड़ियां खड़ी रहने से आवागमन के लिए कम जगह बचती है। इसके चलते व्यस्त समय में जाम की स्थिति बन जाती है।
स्थानीय निवासियों के मुताबिक, थाने के पास कुछ कारोबारी भी अपने वाहन सड़क पर खड़े कर देते हैं। इसके अलावा पुलिस की कुछ गाड़ियां भी यहां खड़ी रहती हैं। वहीं, दुर्घटनाओं से जुड़े मामलों व केस प्रॉपर्टी के कुछ वाहनों को भी सड़क किनारे खड़ा कर दिया जाता है। इस कारण सड़क का एक बड़ा हिस्सा पार्किंग स्थल में तब्दील हो गया है।
राहगीर सुमित ने बताया कि यहां वाहनों को सड़क पर खड़ा करना आम बात हो गई है। यदि कोई टेंपो या बस चालक कुछ देर के लिए सवारी उतारने के लिए रुक जाता है तो जाम जैसी स्थिति बन जाती है। व्यस्त समय में वाहनों की संख्या बढ़ने से ट्रैफिक रेंगने लगता है। इससे राहगीरों को निकलने में परेशानी होती है और स्थानीय लोगों को भी अपने गंतव्य तक पहुंचने में देरी होती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर लगातार वाहनों की पार्किंग से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। सड़क को पार्किंग स्थल बनाने के बजाय आवागमन के लिए खाली रखा जाना चाहिए। लोगों ने मामले में संबंधित विभाग से कार्रवाई की मांग की है।