मानेसर। नगर निगम ने मानेसर क्षेत्र की सड़कों पर उड़ने वाली धूल कम करने के लिए विशेष सफाई अभियान शुरू किया है। यह अभियान वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के निर्देशों पर चलाया जा रहा है।
निगम की टीमें सड़कों के किनारे जमा मिट्टी और धूल हटा रही हैं। रात के समय रोड स्वीपिंग मशीनों की मदद से सड़कों की सफाई कराई जा रही है। सड़कों पर जमा मिट्टी वाहनों के गुजरने से हवा में उड़कर वायु प्रदूषण बढ़ाती है। इससे स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को परेशानी होती है। निगम अधिकारियों ने बताया कि खराब सड़कों को ठीक करने का काम भी जल्द शुरू होगा। इस अभियान का लक्ष्य धूल उड़ने की समस्या को कम करना और लोगों को राहत देना है।