नई दिल्ली। हैदराबाद में महिला डॉक्टर से सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के विरोध में सोमवार को दिल्ली के जंतर- मंतर पर विभिन्न संगठनों ने प्रदर्शन किया। न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे लोगों ने काला बैंड बांध रखा था और कई लोगों ने नारों से लिखीं तख्तियां ले रखी थी। प्रदर्शनकारी दोषियों को सूली पर चढ़ाने की मांग कर रहे थे।
प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी करते हुए कई विद्यार्थी रो पड़े। प्रदर्शन में शामिल अमृता धवन ने कहा कि वे एक राजनेता के तौर पर नहीं बल्कि समाज के एक ऐसे सदस्य के तौर पर इस प्रदर्शन कर रही हूं, जो समाज में हो रही घटनाओं को लेकर चिंतित है। महिलाएं कितनी असुरक्षित हैं, इस पर चर्चा करने के लिए हमें दूसरी निर्भया क्यों चाहिए? निर्भया के दोषी अब भी जेल में है और उन्हें अब तक फांसी नहीं हुई है। वे जेल में अपनी जिंदगी जी रहे हैं, उन्हें खाना मिल रहा है और आराम से सो रहे हैं लेकिन पीड़ितों के परिवारों का क्या, जिनकी जिंदगी हमेशा के लिए तबाह हो गई है। प्रदर्शन के दौरान मौजूद हर किसी के मन में बस यही सवाल था कि आखिर कब तक ऐसा होता रहेगा। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन की ओर से भी काफी संख्या में छात्र प्रदर्शन में शामिल हुए। इन छात्रों का कहना था कि उन्हें महिलाओं के लिए सुरक्षा चाहिए, न्याय चाहिए।