नई दिल्ली। कोरोना महामारी के कारण स्कूल बंद हैैं, लेकिन ऑनलाइन पढ़ाई हो रही है। ऑनलाइन पढ़ाई के नाम पर स्कूल अभिभावकों से मनमानी फीस की मांग कर रहे हैं। ऐसे में मंगलवार को ऑल दिल्ली पैरेंट एसोसिएशन ने नो स्कूल नो फीस की मांग को लेकर आईटीओ स्थित दिल्ली सचिवालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद अभिभावकों की ओर से मुख्यमंत्री कार्यालय में एक ज्ञापन भी दिया गया।
अभिभावकों ने स्कूलों पर आरोप लगाया कि वह ऑनलाइन कक्षाओं के नाम पर मनमानी फीस मांग कर रहे हैं। इसके लिए अभिभावकों पर दबाव भी बनाया जा रहा है। कई अभिभावक ऐसे हैं जिनकी लॉकडाउन में नौकरी चली गई और कुछ को वेतन कम मिल रहा है। ऐसे में वह फीस देने में असमर्थ हैं।
एसोसिएशन के अध्यक्ष भूषण कुमार ने बताया कि फीस माफी को लेकर मई से ऑनलाइन धरना दे रहे थे। जब सुनवाई नहीं हुई तो दिल्ली सचिवालय के बाहर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि जब ऑनलाइन कक्षाएं हो रही हैं और स्कूल बंद हैं। तब ऑनलाइन कक्षाओं के समय के हिसाब से स्कूलों को फीस मांगनी चाहिए। अभिभावक पूरी फीस एक साथ नहीं दे सकते हैं।