दिल्ली में कोरोना संक्रमण की रफ्तार बढ़ती दिखाई दे रही है। पिछले पांच दिन से लगातार दैनिक मामलों में उछाल देखने को मिल रहा है जिसकी वजह से एक बार फिर नए मामलों की संख्या 40 पार हो चुकी है। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि पिछले एक दिन में 41 लोग कोरोना संक्रमण की चपेट में आए हैं। जबकि 22 मरीजों को स्वस्थ घोषित किया गया है।
इस दौरान 71983 नमूनों की जांच की गई। संक्रमण दर 0.06 फीसदी रही। हालांकि राहत की खबर है कि पिछले एक दिन में किसी भी मरीज की संक्रमण के चलते मौत नहीं हुई है। कोरोना संक्रमण के नए मामले बढ़ने की वजह से राजधानी में कंटेनमेंट जोन की संख्या भी बढ़ने लगी है।
दो दिन पहले तक इनकी संख्या में लगातार गिरावट आ रही थी जिसके चलते कंटेनमेंट जोन की कुल संख्या घटकर 93 तक पहुंच गई लेकिन अब यह फिर से बढ़कर 97 हो गई है।
दरअसल, 23 सितंबर को एक दिन में 48 लोग कोरोना संक्रमित मिले थे। लेकिन इसके बाद 24 सितंबर को 24 लोग संक्रमित मिले लेकिन इसके बाद 25 सितंबर से रोजाना दैनिक मामलों की संख्या बढ़ती जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार राजधानी में अब कुल संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 1438821 हो चुकी है जिनमें से 1413342 मरीज ठीक भी हो चुके हैं लेकिन 25087 मरीज उपचार के दौरान दम तोड़ गए।
एक दिन में 1.80 लाख को लगी वैक्सीन
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि राजधानी में टीकाकरण एक गति के साथ आगे बढ़ता जा रहा है। पिछले एक दिन में 1.80 लाख लोगों ने वैक्सीन ली है जिनमें 81572 ने पहली खुराक ली है।