फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली : तकनीकी विश्वविद्यालयों में इसी हफ्ते से शुरू होंगी ऑनलाइन कक्षाएं 

Mon, 03 Jan 2022 05:45 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली

सार

ओमिक्रॉन को देखते हुए ऑनलाइन चलेंगी कक्षाएं। आईजीडीटीयूडब्ल्यू में आज ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन।
विज्ञापन
online Class - फोटो : Pexels
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दिल्ली के पांच तकनीकी विश्वविद्यालयों में करीब दो माह चली दाखिला प्रक्रिया के बाद इस हफ्ते से नया शैक्षणिक सत्र शुरू होने जा रहा है। ओमिक्रॉन को देखते हुए सभी विश्वविद्यालयों में कक्षाओं का संचालन ऑनलाइन किया जाएगा। कुछ विश्वविद्यालयों में सोमवार को ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसके बाद ऑनलाइन मोड में कक्षाएं चलेंगी।

विज्ञापन


ज्वाइंट एडमिशन काउंसलिंग (जैक) दिल्ली के एक अधिकारी के मुताबिक, स्पॉट राउंड की अंतिम प्रक्रिया के बाद सभी पांच विश्वविद्यालयों को छात्रों की सूची तैयार कर भेज दी गई है। इसे लेकर प्रत्येक विश्वविद्यालय ने अपनी वेबसाइट पर जानकारी उपलब्ध करा दी है। कक्षाओं को शुरू करने से पहले छात्रों की पंजीकरण प्रक्रिया होगी। इसके बाद ऑनलाइन कक्षाएं शुरू होंगी। जैक दिल्ली के तहत जिन बच्चों ने एक लाख 12 हजार रुपये का भुगतान कर दिया था,उन्हें बाकी की फीस विश्वविद्यालयों को जमा करनी थी। ऐसे में अमूमन सभी विश्वविद्यालयों के लिए दाखिले की शेष फीस जमा करने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर तक थी। जिन बच्चों ने 31 दिसंबर तक विश्वविद्यालयों को फीस का भुगतान कर दिया है, उन्हें दाखिला दे दिया गया है। 

एनएसयूटी में आज करना होगा पंजीकरण
नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी (एनएसयूटी) में शैक्षणिक सत्र 2021-22 के लिए नए छात्रों का सोमवार को पंजीकरण होगा। पंजीकरण के बाद छात्रों को उनका रोल नंबर दे दिया जाएगा। इसके बाद तीन जनवरी से ऑनलाइन कक्षाओं का आयोजन किया जाएगा। एनएसयूटी के एक अधिकारी के मुताबिक, इस सत्र के लिए लगभग 2500 छात्रों ने इंजीनियरिंग पाठ्यक्रमों में दाखिला लिया है। 
विज्ञापन


इंदिरा गांधी दिल्ली टेक्निकल यूनिवर्सिटी फॉर वुमन में नए शैक्षणिक सत्र के लिए आज ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन होगा। कोरोना संक्रमण को देखते हुए कार्यक्रम का आयोजन ऑनलाइन किया जा रहा है। इसके लिए छात्रों व अभिभावकों को लिंक साझा कर दिया गया है। ओरिएंटेशन कार्यक्रम के बाद चार जनवरी से विश्वविद्यालय में ऑनलाइन कक्षाएं शुरू होंगी। 

डीटीयू में शुरू हो चुकी हैं कक्षाएं
दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीटीयू) में स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए कक्षाएं शुरू हो चुकी हैं। एक अधिकारी ने बताया कि गत 27 दिसंबर को ही कक्षाओं का संचालन शुरू हो गया था, लेकिन कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच 28 दिसंबर को प्रशासन की सख्ती के आदेश के बाद कक्षाओं का आयोजन ऑनलाइन किया जाएगा। ऐसे में सोमवार से कक्षाएं ऑनलाइन आयोजित की जाएगी। इसके लिए प्रत्येक छात्र को लॉग-इन आईडी दे दी गई है। अधिकारी का कहना है कि इस सत्र में जैक दिल्ली से 2512, प्रधानमंत्री स्पेशल स्कॉलशिप स्कीम से 10 छात्रों ने दाखिला लिया है। 

डीएसईयू में आज से कक्षाएं शुरू 
दिल्ली कौशल एवं उद्यमिता विश्वविद्यालय (डीएसईयू) में सोमवार से कक्षाएं शुरू हो रही हैं। ओमिक्रॉन व कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए यहां भी कक्षाओं का मोड ऑनलाइन रखा गया है। एक अधिकारी ने बताया कि विश्वविद्यालय ने जैक दिल्ली में पहली बार भागीदारी की थी। विश्वविद्यालय की अधिकांश सीटें भर गई हैं। हालांकि, जैक काउंसलिंग के तहत कुछ सीटें खाली रह गई हैं। इसे लेकर विश्वविद्यालय की ओर तय किया जाएगा कि इन सीटों को कब भरना है। 

आईआईआईटी में आज से शुरू होंगी कक्षाएं
इंद्रप्रस्थ इंस्टीट्यूट ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी दिल्ली में भी सोमवार से ऑनलाइन मोड में कक्षाओं का संचालन शुरू होगा। इसके लिए आईआईआईटी की ओर से 26 दिसंबर से लेकर 30 दिसंबर तक इंडक्शन कार्यक्रम का आयोजन किया था। कोरोना के बढ़ते मामलों के कारण कार्यक्रम का आयोजन ऑनलाइन मोड में किया गया था। इसमें छात्रों को यूनिवर्सिटी के साथ-साथ पाठयक्रमों के बारे में जानकारी दी गई थी। 
विज्ञापन




 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें