मौर्या एंक्लेव इलाके में अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई और उसका दोस्त घायल हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों मुरथल के ढ़ाबा से खाना खाकर आ रहे थे, मधुबन चौक अंडरपास के पास यह हादसा हुआ।
मौर्या एंक्लेव इलाके में अज्ञात वाहन के चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि बाइक चला रहा उसका दोस्त मामूली रूप से घायल हुआ। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। घटना के समय दोनों मुरथल स्थित सुखदेव ढ़ाबा से खाना खाकर आ रहे थे। पुलिस मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
मृतक की शिनाख्त बृजपाल सिंह (38) के रूप में हुई है। मूलत: देहरादून के बाजवाला का रहने वाला बृजपाल सिंह द्वारका सेक्टर 16 में एक अपार्टमेंट में किराए पर अपने दोस्त प्रवीण के साथ रहता था। वह आईजीआई एयरपोर्ट पर नौकरी करता था। जबकि उसका दोस्त प्रवीण जोमेटो में काम करता है।
रविवार शाम दोनों दोस्त बाइक से मुरथल स्थित सुखदेव ढाबा में खाना खाने गए थे। जहां से वह लौट रहे थे। बाइक को प्रवीण चला रहा था। प्रवीण ने पुलिस को बताया कि मधुबन चौक अंडरपास के पास वह भूल गया कि उसे अंडरपास से जाना है कि फ्लाई ओवर से जाना है। इसी गलत फहमी के बीच पीछे से तेज रफ्तार से आ रहे एक वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
विज्ञापन
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बृजपाल हवा में उछलकर सड़क पर गिर गया। इसी दौरान दूसरे वाहन के चपेट में आकर वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि उसे मामूली चोट लगी। राहगीरों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस दोनों घायलों को पास के अस्पताल में ले गई। जहां बृजपाल को मृत घोषित कर दिया। सोमवार को पुलिस ने उसके शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालकर मामले की जांच कर रही है।