अगर आप दिल्ली मेट्रो के पुराने यात्री हैं और शुरुआती दौर में खरीदा गया स्मार्ट कार्ड अब भी प्रयोग करने की स्थिति में है तो आप डीएमआरसी की विशिष्ट यात्रियों की श्रेणियों में शामिल हो सकते हैं।
दिल्ली मेट्रो के 25 वें स्थापना दिवस उत्सव के तहत डीएमआरसी पुराने 25 यात्रियों की तलाश कर रही है। अगर आपके पास पुराना कार्ड है तो कार्ड संग सेल्फी खींचे और इनाम जीतने के लिए डीएमआरसी को टैग करें।
डीएमआरसी की ओर से स्थापना दिवस उत्सव के तहत यह अभियान चलाया है। चूंकि डीएमआरसी के पास मेट्रो कार्ड धारकों का डाटा रिकॉर्ड में नहीं होता, इसलिए डीएमआरसी ने सोशल मीडिया ट्विटर और फेसबुक के जरिये पुराने यात्रियों की तलाश शुरू की है।
डीएमआरसी ने अपने ट्वीट संदेश में कहा है कि अगर आप दिल्ली मेट्रो में मेट्रो स्मार्ट कार्ड की सुविधा शुरू होने से लेकर अब तक स्मार्ट कार्ड का प्रयोग कर रहे हैं तो डीएमआरसी उन्हें आकर्षक उपहार देकर सम्मानित करेगी।
पुराने यात्रियों की तलाश के लिए 250 पुराने स्मार्ट कार्ड यूजर्स की सूची डीएमआरसी की वेबसाइट पर जारी की गई है। इन कार्ड की सिरीज में स्मार्ट कार्ड संख्या 00000143 और 00066624 के बीच रखी गई है। इसकी विस्तृत जानकारी डीएमआरसी की वेबसाइट delhimetrorail.com/othersdocuments पर उपलब्ध है।
डीएमआरसी से आकर्षक इनाम हासिल करने के लिए यात्रियों के लिए यह आवश्यक है कि यात्री डीएमआरसी द्वारा जारी की गई पुराने स्मार्ट कार्ड धारकों के नंबरों को मिला सकें।
जानकारी के अनुसार जारी की गई सूची में से जो भी पहले 25 यात्री डीएमआरसी से संपर्क करेंगे उनका इनाम के लिए चयन किया गया जाएगा।