कोर्ट में पेशी पर ले जाने की बजाय बंदी को कांस्टेबल आरडीसी (राजनगर डिस्ट्रिक सेंटर) क्षेत्र में शॉपिंग कराने चला गया। इस दौरान बंदी मौका देखकर फरार हो गया। मौके पर पहुंचे एसएसपी समेत अन्य अधिकारियों ने आरोपी कांस्टेबल को गिरफ्तार कर लिया।
यही नहीं कांस्टेबल को ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर एसएसपी ने बर्खास्त कर दिया। जिस कांस्टेबल की ड्यटी आरोपी को ले जाने की थी, वह मौके पर मौजूद नहीं था इसलिए उसे निलंबित कर दिया।
फरार हुआ बंदी नौशाद मूलरूप से थाना बहादुरगढ़, हापुड़ के गांव सदरपुर का रहने वाला है। उसकी खोड़ा कॉलोनी की रहने वाली युवती से शादी हुई थी। आरोप है कि नौशाद ने 2016 में खोड़ा में ही रहने वाली अपनी साली की हत्या कर शव के टुकडे़ कर बोरे में बंद कर फेंक दिया था। नौशाद डासना जेल में बंद था। बुधवार को उसको जेल से सदर हवालात लाया गया। उसे एडीजे-7 की अदालत में पेश किया जाना था।
हवालात से कांस्टेबल कुशल पाल उसे लेकर कोर्ट के लिए निकला, लेकिन वह उसे खरीदारी कराने के लिए आरडीसी पहुंच गया। जहां से आरोपी शाम चार बजे मौका देखकर फरार हो गया। ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने मथुरा निवासी कांस्टेबल कुशल पाल को बर्खास्त कर दूसरे सिपाही सतीश को निलंबित कर दिया।