डीयू में दाखिला के लिए कॉलेज चुनने का आज आखिरी दिन
फेज -1 और फेज-2 के लिए 11:59 के बाद पंजीकरण हो जाएगा बंद
-पोर्टल बंद होने से पहले उम्मीदवार कॉलेज और कोर्स को लेकर प्राथमिकता भर सकेंगे
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) में स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले को लेकर प्रक्रिया जारी है। कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम पोर्टल पर पंजीकरण का सोमवार को आखिरी दिन है। इसके बाद फेज-1 और फेज-2 के लिए पंजीकरण सोमवार रात 11:59 के बाद बंद हो जाएगा। पोर्टल बंद होने से पहले उम्मीदवार कॉलेज और कोर्स को लेकर प्राथमिकता भर सकेंगे।
पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया आठ जुलाई को शुरू हुई थी। विश्वविद्यालय ने पंजीकरण न कर पाने वाले उम्मीदवारों के लिए फेज-1 और फेज-2 के लिए सोमवार तक का मौका दिया था। फिर 15 जुलाई को अस्थायी रैंक जारी होगी। यह रैंक उम्मीदवार को सीयूईटी स्कोर, कॉलेज और कोर्स के चयन की प्राथमिकता के आधार पर मिलेगी। इससे उम्मीदवार संभावित कॉलेज और कोर्स के बारे में अनुमान लगा सकेंगे। इसके आधार पर उम्मीदवार को कोर्स और कॉलेज की प्राथमिकता का क्रम बदलने में मदद मिल सकेगी।
दाखिला के तीसरे फेज में डीयू के अलग-अलग 69 कॉलेजों में दाखिले को लेकर कोर्सेज के लिए सीट आवंटित होंगी। इसकी सूची 19 जुलाई को जारी होगी। 28 जुलाई से लेकर 31 जुलाई के बीच में कॉलेज ऑनलाइन ऐप्लिकेशन को मंजूरी और उनका सत्यापन करेंगे। उम्मीदवार एक अगस्त तक ऑनलाइन फीस का भुगतान कर सकेंगे।
वहीं, बीए एलएलबी (ऑनर्स) और बीबीए एलएलबी ऑनर्स कार्यक्रम के लिए आवंटित सीट की सूची 16 जुलाई को आएगी। इसके बाद 18 जुलाई की रात 11:59 तक आवंटित सीट को उम्मीदवार स्वीकार कर सकेंगे। इस बीच 19 जुलाई तक विभाग, केंद्र और कॉलेज ऑनलाइन आवेदनों का सत्यापन करेंगे और 20 जुलाई फीस भुगतान की आखिरी तारीख होगी। दूसरे चरण को लेकर आवंटित सीट 22 जुलाई को घोषित होगी। इसके अलावा स्नातकोत्तर में दाखिले को लेकर अपग्रेड राउंड के लिए उम्मीदवार पोर्टल/डैशबोर्ड पर फीस भुगतान की जांच 14 जुलाई तक करेंगे।